नगर परिषद कार्यालय परिसर में धरने को समर्थन देने पहुंचे पार्षद एवं अन्य पदाधिकारियों को संबोधित
- फोटो : 1
चरखी दादरी। शहर में पिछले 6 अगस्त से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब खत्म हो गई है। 17 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों की मांगें मान लिए जाने के बाद शनिवार से सभी हड़ताली कर्मचारी काम पर लौटेंगे। कर्मचारियों के काम पर लौटने के साथ ही शहर में चरमराई सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने की उम्मीद है। लंबे समय से जगह-जगह जमा कचरे के कारण शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार, 17 सूत्री मांगों को लागू करवाने की मांग को लेकर नगर परिषद के 153 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। हड़ताल लंबी खिंचने के कारण शहर के विभिन्न कचरा पॉइंटों पर कूड़े के ढेर लग गए। कई स्थानों पर कचरा सड़कों और बाजारों तक फैलने से दुर्गंध की स्थिति बनी रही। नगर परिषद प्रशासन की ओर से हड़ताली कर्मचारियों को ड्यूटी पर लौटने के लिए नोटिस भी जारी किए गए थे।
नोटिस जारी होने के बाद कुछ कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर ड्यूटी जॉइन करना शुरू कर दिया। अब तक 18 कर्मचारी काम पर लौट चुके हैं। वहीं, मांगों पर सहमति बनने के बाद बाकी कर्मचारी भी शनिवार से सफाई कार्य में जुटने की तैयारी में हैं।
सफाई कर्मचारी प्रधान सूरज कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की 17 सूत्री मांगों को मान लिया गया है। इसके बाद सभी कर्मचारी शनिवार से काम पर लौटेंगे और शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट जाएंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चल रही हड़ताल के कारण शहर में जमा कचरे को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
कर्मचारियों के काम पर लौटने के बाद नगर परिषद प्रशासन के सामने भी शहर में जमा कचरे को जल्द हटाने और सफाई व्यवस्था सामान्य करने की चुनौती रहेगी। शनिवार से सफाई कर्मचारियों के मैदान में उतरने के बाद शहरवासियों को कचरे के ढेर और दुर्गंध से राहत मिलने की उम्मीद है।