दादरी एसडीएम नवीन कुमार ने मंगलवार को लघु सचिवालय में समाधान शिविर लगाकर सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। एसडीएम नवीन कुमार ने मंगलवार को दादरी लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को समस्याओं का तत्परता से समाधान करने के आदेश दिए। साथ ही कहा कि शिकायतों के समाधान में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
एसडीएम नवीन कुमार ने कहा कि जिले का कोई भी नागरिक अपनी समस्या के समाधान के लिए समाधान शिविर के माध्यम से अपना समाधान करवा सकता है। डीसी मुनीश शर्मा के मार्गदर्शन में सरकार के निर्देशानुसार दादरी के लघु सचिवालय परिसर के मीटिंग हॉल में जिलास्तरीय समाधान शिविर और बाढड़ा के एसडीएम कार्यालय में उपमंडल स्तरीय समधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
एसडीएम ने बताया कि दादरी उपमंडल व नगरपरिषद से संबंधित समस्याओं के लिए नागरिक जिलास्तरीय समाधान शिविर में व बाढड़ा उपमंडल से संबंधित समस्याओं के लिए नागरिक एसडीएम कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में अपनी समस्या के समाधान के लिए आ सकते हैं। इस दौरान सभी विभागाध्यक्ष भी समाधान शिविर में उपस्थित रहेंगे।
मंगलवार को आयोजित शिविर में नगराधीश आशीष सांगवान, उप पुलिस अधीक्षक, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक जसवंत सिंह जून, नगरपरिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश वर्मा, डॉ. चंद्रभान श्योराण, शशिकांत भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
- सजगता से काम करें अधिकारी
एसडीएम नवीन कुमार ने कहा कि जिले के लोगों की सुविधा के लिए उनकी शिकायतों का निदान प्रत्येक कार्य दिवस पर समाधान शिविर के माध्यम से किया जा रहा है। किसी भी रूप से शिकायतें लंबित न हों इसके लिए अधिकारी सजगता से कार्य करें।
फोटो 03
लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में फरियादी की समस्या सुनते एसडीएम नवीन कुमार। स्रोत : जनसंपर्क विभाग