शिक्षा विभाग हरियाणा की टीम ने सिक्किम में समुद्र तल से 16,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित माउंट रैना
चरखी दादरी। शिक्षा विभाग हरियाणा की टीम ने सिक्किम में समुद्र तल से 16,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित माउंट रैनाक चोटी फतह कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने परिणाम जारी कर टीम को उनके नाम का प्रमाणपत्र भी दे दिया है।
सहायक परियोजना समन्वयक बलवान सिंह ने बताया कि भारतीय रक्षा मंत्रालय की ओर से हिमालय पर्वतारोहण संस्थान दार्जिलिंग पश्चिम बंगाल के सहयोग से यह कार्यक्रम 21 नवंबर से 18 दिसंबर 2023 तक आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने सिक्किम की रैनाक चोटी पर चढ़ाई की। इस दौरान उन्हें अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र की प्रकृति के अध्ययन और साहसिक प्रशिक्षण ग्लेशियर पर ट्रैकिंग, आपदा से बचाव की तकनीक आदि की जानकारी दी गई।
समन्वयक बलवान ने बताया कि पर्वतारोहण के लिए 22 छात्र, 22 छात्राएं, तीन पुरुष शिक्षक, तीन महिला शिक्षक और एक आपातकालीन सदस्य की टीम भेजी गई। इसमें दादरी जिले से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चांगरोड से 11वीं कक्षा के साहिल और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छपार से 11वीं कक्षा की छात्रा बबली भी शामिल थीं।
जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फौगाट, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नवीन नारा, प्राचार्य सतीश डाला, प्राचार्य सौरभ कपिल, एपीसी बलवान सिंह, बीआरपी डॉ. महेंद्र सिंह ने इन दोनों विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी।