कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच अफवाहों का दौर लगातार जारी है। चरखी दादरी जिले में कोरोना को लेकर अफवाह फैलाने वाले दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की सिफारिश की गई है। इस संबंध में सीएमओ प्रदीप शर्मा ने एसपी बलवान राणा को पत्र भी लिखा है जिसमें अफवाहों फैलाने वालों पर मामला दर्ज करने की सिफारिश की गई है। इसकी पुष्टि डिप्टी सीएमओ डॉ. चंचल तोमर ने की। उन्होंने बताया कि झोझूकलां और कादमा क्षेत्र में यह अफवाह फैलाई गई हैं।
जिला प्रशासन इस संबंध में पहले ही एडवाइजरी जारी कर चुका है। प्रशासन लगातार जिला वासियों से कोरोना को लेकर अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी कर रहा है। वहीं, प्रशासन अफवाहें फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दे चुका है। इसके बावजूद इस संकट की घड़ी में भी कुछ लोग अफवाहों को फैलाने से बाज नहीं आ रहे। ऐसा करने वालों पर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी नजर टेढ़ी कर ली है। हाल ही में चरखी दादरी जिले में कोरोना वायरस को लेकर अफवाहें फैलाने के दो मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी इन मामलों पर संज्ञान लिया है। सूत्रों के अनुसार अफवाह फैलाने का एक मामला झोझूकलां क्षेत्र का है तो दूसरा कादमा क्षेत्र का है।
झोझूकलां क्षेत्र में वीरवार शाम अफवाह उड़ी कि बिहार से आया एक श्रमिक कोरोना पॉजिटिव मिला है। यह सूचना शाम तक पूरे क्षेत्र में फैल गई। डिप्टी सीएमओ चंचल तोमर ने बताया कि इसकी जानकारी झोझूकलां क्षेत्र के एक चिकित्सक ने उन्हें फोन पर जानकारी दी। इसके बाद सीएमओ प्रदीप शर्मा को भी इससे अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दी गई। वहीं, अफवाह फैलाने का दूसरा मामला कादमा क्षेत्र का है। सीएमओ प्रदीप शर्मा ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश करते हुए एसपी कार्यालय को पत्र लिख दिया है।
न्यूज पेपर में एडिटिंग कर लगाई युवक की फोटो, बताया कोरोना पॉजिटिव
कोरोना को लेकर अफवाह फैलाने का दूसरा मामला कादमा क्षेत्र से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि कादमा निवासी एक युवक गुरुग्राम में रहता है। अज्ञात ने समाचार पत्र में संपादन कर उक्त 18 वर्षीय युवक की फोटो लगा दी। इसमें उक्त युवक को कोरोना पॉजिटिव बताया गया। संपादन हुआ यह समाचार पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया गया।
ये बरतें सावधानियां
- सोशल मीडिया पर चलने वाली अफवाहों पर ध्यान देने से बचें।
- बाहर से घर आते ही अच्छी प्रकार से अपने हाथों को धोएं।
- बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें और सेनिटाइजर पास रखें।
- जितना को सके भीड़ से दूरी बनाए रखें और जरूरत होने पर ही घर से निकलें।
- अगर खांसी, बुखार या बदन दर्द की शिकायत है तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।
कोरोना को लेकर अफवाहें फैलाने के दो मामले संज्ञान में आए थे। इस संबंध में एसपी कार्यालय को पत्र लिखकर मामला दर्ज करने की सिफारिश हमने की है। लोगों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। फिलहाल जिले में कोरोना पॉजिटिव कोई केस नहीं मिला है।
चचंल तोमर, डिप्टी सीएमओ।
जिलावासियों से अपील है कि वो अफवाहों से बचें। कोरोना महामारी घोषित की जा चुकी है और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चरखी दादरी जिले में स्थिति सामान्य है। प्रशासन पूर्णतया अलर्ट है और बीमारी से बचाव के लिए लोग भी सतर्कता बरतें। -श्यामलाल पूनिया, डीसी।