चरखी दादरी। गांव निमड़ी निवासी एक महिला के क्रेडिट कार्ड से एक लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना दादरी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मुकेश पत्नी विपिन कुमार निवासी निमड़ी ने बताया कि उसका मोबाइल नंबर एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से जुड़ा हुआ है। उसके मोबाइल पर एक एपीके फाइल आई थी जिसके बारे में उसे जानकारी नहीं हुई। सात सितंबर 2026 को उसके मोबाइल पर संदेश आया कि भारत पे के माध्यम से क्रेडिट कार्ड से एक लाख रुपये की ट्रांजेक्शन हुई है। संदेश में कार्ड के अंतिम अंक 2477 दर्शाए गए, जबकि उसके क्रेडिट कार्ड के अंतिम अंक 8752 हैं। महिला ने बैलेंस चेक किया तो क्रेडिट कार्ड से एक लाख रुपये की ट्रांजेक्शन होने की पुष्टि हुई। उसने स्पष्ट किया कि यह लेनदेन उसने नहीं किया। इसके बाद उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। महिला ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड से रुपये निकालकर धोखाधड़ी की है।