चरखी दादरी। शहर के रावलधी-भिवानी लिंक मार्ग पर आरओबी का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद वाहन चालकों का आवागमन शुरू हो गया है।
16 फरवरी को पीडब्ल्यूडी की ओर से पत्र जारी कर वाहनों का आवागमन बंद करवा दिया गया था। इससे वाहन चालकों को रोहतक रोड रेलवे फाटक व ढाणी रोड आरओबी से गुजरना पड़ रहा था। इस कारण वाहन चालकों को जहां अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं, जाम की स्थिति से भी दो-चार होना पड़ता था। अब आरओबी के शुरू होने के बाद वाहन चालकों को राहत मिली है।
रावलधी-भिवानी लिंक मार्ग पर बने आरओबी की जर्जर हालत के चलते किसी बड़े हादसे से बचने के लिए पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत के नाम पर 28 दिनों के लिए वाहनों का आवागमन बंद करवा दिया था। यहां से गुजरने वाले वाहनों को ढाणी रोड आरओबी से डायवर्ट करने के आदेश जारी किए थे। मरम्मत कार्य 20 मार्च तक चलने के बाद अब इसे आम वाहनों के लिए खोल दिया गया है।
आरओबी के बंद होने के बाद से नारनौल-दिल्ली मार्ग से भारी व छोटे वाहनों के गुजरने के कारण जाम लग जाता था। इससे राहगीरों के साथ वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वहीं, रोहतक रोड रेलवे फाटक बंद रहने से इस मार्ग पर भी भीड़ लग जाती थी। कई बार तो फाटक खुलने के बाद लाइनों के बीच वाहनों के फंस जाने से रेलगाड़ी को आउटर पर खड़ा होना पड़ता था।
अमर उजाला ने जर्जर आरओबी की खबर को प्रमुखता से किया था प्रकाशित
रावलधी-भिवानी लिंक मार्ग पर बने आरओबी की लगातार खराब होती स्थिति को लेकर अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद हरकत में आए पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत कार्य शुरू करवाने के आदेश जारी किए थे।
प्रतिदिन गुजरते हैं 10 हजार से अधिक वाहन
जिले के साथ लगते गांवों में अरावली क्षेत्र होने के कारण दूर-दराज के क्षेत्रों में भवन निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए हर रोज अरावली क्षेत्र से 5 हजार भारी वाहनों का आवागमन होता है। वहीं, भिवानी, रोहतक, लोहारू, दिल्ली आदि रूटों की ओर जाने वाले छोटे वाहनों की संख्या 5 हजार के करीब है।
इतनी राशि खर्च हुई है मरम्मत कार्य पर
खस्ताहाल आरओबी का मरम्मत कार्य 28 दिनों बाद पूरा कर लिया गया है। संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस कार्य को पूरा करने के लिए एजेंसी ने लगातार काम किया है। उन्होंने बताया कि कार्य को पूरा करने के लिए लगभग 20 लाख रुपये की लागत आई है।
रावलधी-भिवानी लिंक मार्ग स्थित आरओबी का मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है। ठीक होने के बाद अब सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन शुरू करवा दिया गया है। वाहन चालकों को किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-कृष्ण कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी