फोटो 2 : सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन समिति की बैठक लेते उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल। विज्ञप्ति
उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले में किसी भी मार्ग पर कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी सड़कें यातायात के लिए पूरी तरह सुरक्षित हों। सड़कों पर डिवाइडर, सफेद पट्टी, साइन बोर्ड, स्ट्रीट लाइट, आवश्यकता अनुसार ग्रिल आदि की व्यवस्थाएं दुरुस्त हों। यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग, नगर परिषद, एचएसवीपी, मार्केटिंग बोर्ड, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण आदि विभाग सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के प्रति संवेदनशील रुख अपनाएं।
वीरवार को दादरी के लघु सचिवालय में उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जहां पर भी सड़क की हालत जीर्ण-शीर्ण है, उसकी मरम्मत करवाई जाए। कई स्थानों पर साइन बोर्ड नहीं है और सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं। उन्होंने ऐसे सभी स्थानों पर साइन बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए और कहा कि सभी एजेंसियां अपनी-अपनी सड़कों की मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू करें।
अवैध कट करवाए जाएं बंद
उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने कहा कि जिले में कई जगह अवैध कट बने हुए हैं, जिनके बीच से बाइक चालक रोड क्रास करते हैं, जिससे दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। इस पर ग्रिल लगवाई जाए और अवैध कटों को बंद करें।
सड़क सुरक्षा ऑडिट करवाएं विभाग
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि किए जाने वाले कार्य से पहले और कार्य के पूरा होने के बाद का फोटो कमेटी की बैठक में उपलब्ध करवाएं। सभी संबंधित विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। सभी विभाग सुनिश्चित करें कि एटीआर समय पर भेजें अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी पूरी गंभीरता के साथ काम करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सड़कों से संबंधित एजेंसी जिले में सड़क सुरक्षा ऑडिट करवाना भी सुनिश्चित करें।
स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा की
उपायुक्त ने बैठक में सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा भी की। उन्होंने आदेश दिए कि 15 नवंबर तक सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाएं और वाहनों की चेकिंग भी सुनिश्चित करें।