चरखी दादरी। लंबे समय से बदहाल पड़े दिल्ली-पिलानी हाईवे का पुनर्निर्माण कार्य एनएचएआई ने शुरू करवा दिया है। विभागीय योजना के अनुसार 5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य पर 11 करोड़ रुपये लागत आएगी। 9 माह के अंदर सड़क निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और इसके बाद यहां से प्रतिदिन गुजरने वाले दस हजार वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
एनएचएआई की योजना अनुसार महेंद्रगढ़ चौक से लेकर एनएच-152 डी ओवरब्रिज तक सड़क का पुनर्निर्माण करवाया जाएगा। पिछले करीब दो साल से यह सड़क जर्जर है और लंबे इंतजार के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ है। इस मार्ग पर गहरे गड्ढे बने हैं जिनमें आए दिन कोई न कोई वाहन फंसा रहता है।
सड़क के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने करीब 20 दिन पहले धरना दिया था और उस दौरान एनएचएआई अधिकारियों ने एक सप्ताह में पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था। उस आश्वासन को अब पूरा करते हुए अधिकारियों ने सड़क का पुनर्निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। एजेंसी को जनवरी तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा करना है। इस मार्ग से प्रतिदिन राजस्थान से दिल्ली जाने वाले वाहन चालक भी गुजरते हैं।
- इन जगहों पर सड़क की हालत खराब
समसपुर टी-प्वाइंट, दिल्ली रोड रामबाग के समीप, ढाणी फाटक ओवरब्रिज, महेंद्रगढ़ चुंगी, चिड़िया रोड और महेंद्रगढ़ चौक के समीप सड़क की हालत काफी खस्ता है। कुछ जगहों पर तो एक से डेढ़ फुट गहरे गड्ढे बने हैं जिनमें आए दिन वाहन फंस रहे हैं।
- सड़क के पुनर्निर्माण की ये है योजना
एनएचएआई अधिकारियों ने सड़क के पुनर्निर्माण की जो योजना तैयार की है उसके अनुसार जहां जलभराव की समस्या है वहां सीमेंट और कंक्रीट की सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा बाकी हिस्से में सड़क का निर्माण तारकोल से करवाया जाएगा।
महेंद्रगढ़ चौक से एनएच 152डी तक सड़क का पुनर्निर्माण कार्य एजेंसी ने शुरू कर दिया है। 9 माह के अंदर एजेंसी को 5 किलोमीटर लंबी सड़क बनानी होगी। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
-अंकित कुमार, जेई एनएचआई