पुलिस पब्लिक तालमेल समिति के सदस्यों के साथ बैठक करते डीएसपी भारत भूषण।
चरखी दादरी। बाढड़ा डीएसपी भारत भूषण ने शुक्रवार को जिला पुलिस की ओर से गठित पुलिस पब्लिक तालमेल समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करना और आमजन व पुलिस सहयोग को मजबूत करना है। डीएसपी ने कहा कि गैरकानूनी काम करने वाले लोगों की पुलिस को दें सूचना, नाम गुप्त रखकर पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।
पुलिस तालमेल समिति न्याय और शांतिपूर्ण समाज के लिए जनता व पुलिस के बीच शांति एवं भाईचारा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि तालमेल समिति में जिले के हर क्षेत्र से जुड़े हुए व्यक्तियों को शामिल किया गया है और जिला पुलिस के साथ आमजन से तालमेल बनाने के उद्देश्य से ये कमेटी बनाई गई है।
डीएसपी भारत भूषण ने कहा कि कमेटी सदस्य आपराधिक मामलों, अवैध शराब बेचने वालों, नशा करने और नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों की सूचना संबंधित थाना प्रबंधक, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लगी शिकायत व सुझाव पेटिका के जरिये दे सकते हैं। इन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई होगी। डीएसपी ने कहा कि अपने-अपने एरिया में भाईचारा बनाए रखें। अगर पुलिस व जनता आपसी सहयोग के साथ कार्य करेंगे तो समाज में अपराध घटित होने की संभावनाएं कम हो जाएंगी क्योंकि पुलिस के साथ हर नागरिक का भी कर्तव्य बनता है कि अगर कही पर कोई अपराध घटित होता है या कही पर कोई किसी प्रकार की संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नजर आती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।