चरखी दादरी। चार धाम यात्रा पर जाने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को पंजीकरण करवाना जरूरी है। इसके बिना यात्रा में परेशानी आ सकती है। उत्तराखंड सरकार ने चार धाम यात्रा-2026 के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की है।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि चार धाम यात्रा के तहत यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उत्तराखंड सरकार की ओर से सुरक्षा एवं सुगम यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने बताया कि जिले से चार धाम की यात्रा पर जाने से पहले यात्रियों को आधार प्रमाणीकरण के साथ पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद यात्रियों को क्यूआर कोड युक्त रजिस्ट्रेशन पत्र और यूनिक आईडी उपलब्ध कराई जाएगी। धामों में प्रवेश से पहले दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और दर्शन टोकन जारी किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालु ऑनलाइन पोर्टल और टूरिस्ट केयर उत्तराखंड मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। हेलीकॉप्टर बुकिंग के लिए केवल अधिकृत आईआरसीटीसी पोर्टल का उपयोग करने की सलाह दी गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कम ऑक्सीजन, अत्यधिक ठंड और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच कराना, नियमित व्यायाम करना और पर्याप्त गर्म कपड़े और आवश्यक दवाइयां साथ रखना जरूरी है। 55 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, गर्भवती महिलाओं तथा हृदय, उच्च रक्तचाप, अस्थमा और मधुमेह के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उत्तराखंड सरकार ने ओवरस्पीडिंग, शराब-तंबाकू का सेवन, कूड़ा फैलाने, बिना अनुमति वीडियो/रील बनाने और निजी वाहनों का टैक्सी के रूप में उपयोग करने पर रोक लगाने की अपील की है।
चार धाम यात्रा कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन
उपायुक्त ने बताया कि चार धाम यात्रा को लेकर 0135-2559898, 0135-2552627, टोल फ्री नंबर 1364 पंजीकरण पोर्टल के लिए और हेलीकॉप्टर बुकिंग के लिए संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने यात्रियों से यात्रा पर रवाना होने से पहले मौसम की जानकारी लेने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।