बाढड़ा के काकड़ौली सरदारा में हुई ग्राम सभा की बैठक में मौजूद लोग।
बाढड़ा। गांव काकड़ौली सरदारा की ग्राम सभा की बैठक रविवार को सरपंच रेणूबाला रोहिल्ला की अध्यक्षता में हुई। इसमें ग्रामीणों ने लाल डोरा भू-स्वामित्व योजना के तहत मकानों का रिकाॅर्ड दोबारा से तैयार करवाने की मांग की। लोगों का आरोप है कि ज्यादातर प्रॉपर्टी आईडी गलत बनीं हैं। इससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
रणबीर रोहिल्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने लाल डोरा भू स्वामित्व योजना का रिकाॅर्ड तैयार करने की अच्छी पहल की है। अब इसमें व्याप्त खामियों को दूर करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि प्राॅपर्टी आईडी रिकाॅर्ड को गलत रूप में तैयार किया गया है। गांव में की गई निशानदेही सही नहीं है। प्रभावित ग्रामीण बार-बार बीडीपीओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। इससे आपसी भाईचारा खराब होता है।
ग्रामीणों ने यह रिकाॅर्ड दोबारा तैयार करवाने की मांग की है। इसके लिए ग्रामीणों ने बीडीपीओ के माध्यम से जिला उपायुक्त को मांगपत्र भी भेजा है। बैठक में ग्राम सचिव सुनील कुमार, कानूनगो रमेश कुमार, पटवारी सुमित कुमार, पटवारी जगत सिंह, रणबीर रोहिल्ला, बलवान सिंह, ग्रामीण बलवान श्योराण, महाबीर सिंह, अशोक शर्मा, पंकज शर्मा आदि मौजूद रहे।