चरखी दादरी। सर्वजातीय फोगाट खाप के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की शनिवार को बाबा स्वामी दयाल धाम परिसर में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता खाप प्रधान सुरेश फोगाट ने की। इसमें सामाजिक मुद्दों, किसान हितों और न्याय से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में किसान नेता रवि आजाद पर पॉक्सो एक्ट एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे पर चर्चा की गई। इस दौरान सर्वजातीय फोगाट खाप ने प्रकरण की निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच कराए जाने की मांग की। खाप प्रधान सुरेश फोगाट ने कहा कि ऐसे गंभीर मामलों में सत्य तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
खाप सचिव कुलदीप फोगाट ने कहा कि सरकार को इस मामले की न्यायिक जांच करानी चाहिए और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसे सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सबके लिए समान है और किसी भी दबाव या प्रभाव में निर्दोष व्यक्ति को सजा नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष जांच को लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था की मूल आत्मा बताया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सर्वजातीय फोगाट खाप सदैव सत्य, न्याय और किसान हितों के साथ खड़ी रहेगी और समाज में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में सकारात्मक भूमिका निभाती रहेगी।