अंतिम रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के दौरान मौजूद जनरल ऑब्जर्वर, दोनों विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी। स्रोत : जनसंपर्क विभाग
-जनरल ऑब्जर्वर की उपस्थिति में वीरवार को संपन्न हुई अंतिम रैंडमाइजेशन प्रक्रिया, दोनों विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी भी रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी व बाढड़ा विधानसभा की पोलिंग पार्टियों व माइक्रो ऑब्जर्वर की अंतिम रैंडमाइजेशन प्रक्रिया वीरवार को संपन्न हुई। इस दौरान भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त किए गए जनरल ऑब्जर्वर बुधेश कुमार वैद्य भी उपस्थित रहे।
रैंडमाइजेंशन प्रक्रिया के दौरान 56-दादरी विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम नवीन कुमार व 55-बाढड़ा के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सुरेश कुमार भी मौजूद रहे। डीआईओ सुनील कुमार ने ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से दादरी व बाढड़ा विधानसभा की पोलिंग पार्टियों का अंतिम रैंडमाइजेशन किया।
जनरल ऑब्जर्वर बुधेश कुमार वैद्य ने रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया के उपरांत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पोलिंग डे को सफल बनाने के लिए यह सारी मेहनत की जाती है। इसलिए चुनाव से जुड़े सभी अधिकारी व कर्मचारी आपसी तालमेल बनाते हुए मेहनत से कार्य करें। ताकि, समस्त चुनाव प्रक्रिया सरलता से अच्छी प्रकार से पूरी की जा सके।
एसडीएम नवीन कुमार व एसडीएम सुरेश कुमार ने बताया कि पोलिंग पार्टी की रैंडमाइजेशन प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तैयार किए गए सॉफ्टवेयर के माध्यम से पूरी करवाई गई है। उन्होंने बताया कि रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के तहत चुनाव के समय भारत निर्वाचन आयोग की नियमावली के अनुसार पोलिंग स्टाफ के रूप में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में चार सदस्य होंगे।
- रिजर्व भी रहेंगी पोलिंग पार्टियां
एसडीएम नवीन कुमार ने बताया कि रैंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी रहेगी। इसमें किसी प्रकार की कोई आशंका या गलती की संभावना नहीं है। सभी बूथों पर निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न करवाने के लिए रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के तहत पोलिंग पार्टियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा कुछ पोलिंग पार्टियां रिजर्व भी रहेंगी।