बारिश के बाद जलभराव के बीच गुजरते लोग।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में बुधवार को दोपहर बाद शुरू हुई तेज बारिश ने शहर से लेकर गांवों तक की गलियों व सड़कों को जलमग्न कर दिया। अनुमान के मुताबिक करीब 49 एमएम बारिश दर्ज की गई जिससे कई निचले इलाकों और गलियों में पानी भर गया। लगातार हो रही बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया और गर्मी व उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली।
दिन का अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस गिरकर 31 डिग्री पर पहुंच गया जबकि वातावरण में ठंडक घुलने से लोगों ने राहत की सांस ली। शहर के कई क्षेत्रों से बारिश रुकने के बाद एक से दो घंटे में ही पानी की निकासी हो गई।
दोपहर करीब डेढ़ बजे आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई जो लगभग एक घंटे तक तेज गति से होती रही। बारिश के कारण शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों और कई रिहायशी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। शाम तक रुक-रुककर बूंदाबांदी का दौर जारी रहा जिससे मौसम और भी सुहावना हो गया।
बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों, कॉलोनियों और गलियों में पानी भर गया। जल निकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के तहसील रोड, रोहतक रोड, बस स्टैंड रोड, लोहारू चौक, झज्जर घाटी, कॉलेज रोड, मुख्य बाजार आदि क्षेत्रों में हालात विकट बन गए। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं जबकि बाजारों में भी पानी भरने से दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ी।
बारिश के बाद जलभराव के बीच गुजरते लोग। - फोटो : 1