चरखी दादरी। मौसम के करवट लेने से शनिवार रात और रविवार सुबह बारिश हुई। इससे मंडी परिसर में खुले आसमान के तले पड़ी गेहूं और सरसों की ढेरियां व बैग भीग गए। आढ़तियों के अनुसार करीब 50 हजार क्विंटल सरसों और गेहूं बारिश में भीगा है। अब सूखने के बाद भी इनका उठान हो पाएगा। बारिश में सरसों व गेहूं भीगने से उठान से लेकर भुगतान प्रक्रिया तक प्रभावित होगी।
दरअसल, दादरी मंडी में सरसों और गेहूं की आवक जोरों पर है। जिले में अब तक 1,42,096 क्विंटल सरसों की खरीद हो चुकी है। इसमें से 75,312 क्विंटल सरसों गोदामों तक पहुंच चुकी है जबकि 66,784 क्विंटल का उठान बाकी है। इसी प्रकार गेहूं की स्थिति देखे तो 1,34,980 क्विंटल की खरीद हो चुकी है। खरीदे गए गेहूं में से 44,652 क्विंटल का उठान हो चुका है जबकि 90,328 क्विंटल गेहूं मंडी में ही पड़ा है।
शनिवार रात मौसम के करवट लेने से बारिश हुई। इसके बाद रविवार सुबह दोबारा बारिश हो गई। टीन शेड के नीचे रखे गेहूं और सरसों के बैग तो बच गए, लेकिन खुले आसमान तले पड़ी 20 हजार क्विंटल सरसों और करीब 30 हजार क्विंटल गेहूं भीग गया। कई ढेरियां ऐसी थीं जिन पर तिरपाल तक नहीं था। मंडी में बारिश से गेहूं और सरसों की 30 ढेरियों समेत बैग भीग गए। रविवार दोपहर को मौसम साफ होने पर धूप खिलते ही एजेंसी और आढ़तियों के श्रमिकों ने गेहूं और सरसों की गीली ढेरियों को सूखने के लिए फैला दिया।
- सरसों के मुकाबले गेहूं का उठान चल रहा धीमा
जिले के सभी खरीद केंद्रों की बात करे तो सरसों के मुकाबले गेहूं का उठान ढीला चल रहा है। अब तक खरीदी गई सरसों में से 52 प्रतिशत का उठान हो चुका है। वहीं, गेहूं की बात करे तो खरीदे गए में से 33 फीसदी ही अब तक गोदाम तक पहुंच पाया है।
- सरसों खरीद और उठान की ये है स्थिति
खरीद केंद्र- खरीदी गई सरसों- उठान हुआ- मंडी में शेष
दादरी-95426- 51680- 43746
बाढड़ा-35386-20820-14566
झोझूकलां-11284-2812-8472
- गेहूं खरीद केंद्रों की ये है स्थिति
खरीद केंद्र- गेहूं खरीदा- उठान हुआ- केंद्रों पर शेष
दादरी-66923-30000-36923
बाढड़ा-23324- 7524-15800
झोझूकलां-3573-1808-1675
छपार-11370-585-10785
बौंदकलां-29790-4645-25145
- एक हजार से अधिक किसानों का भुगतान बकाया
सरसों और गेहूं बेचने वाले एक हजार से ज्यादा किसानों का भुगतान अभी बकाया है। खरीद एजेंसी करीब 30 करोड़ रुपये किसानों के खातों में डाल चुकी हैं जबकि इससे अधिक की रकम बकाया है। किसानों की ओर से मंडी में बेची गई सरसों और गेहूं गोदाम में पहुंचने से पहले ही बारिश में भीग गई।
करीब 20 हजार क्विंटल सरसों और 30 हजार क्विंटल गेहूं में बारिश से नमी आई है। जल्द ही यह सूख जाएगा। इसके बाद ही बारदानों में भरकर गोदाम तक पहुंचाया जाएगा। गेहूं और सरसों की जो ढेरियां टीन शेड के नीचे थीं, वो बारिश में भीगने से बच गईं।
-रामकुमार रिटोलिया, प्रधान, अनाज मंडी