दो एमएम बारिश ने गर्मी से दिलाई निजात, नाले कर रहे ओवरफ्लो
- लोहारू रोड पर एक किलोमीटर दूरी में पांच जगह ओवरफ्लो कर रहे नाले से लोग परेशान, मानसून से निपटने के अभी पर्याप्त नहीं प्रबंध
माई सिटी रिपोर्टर
चरखी दादरी। जिले के विभिन्न भागों मेें शुक्रवार को हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। शहर में करीब दो एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश की इस समय और जरूरत बनी हुई है। शहर में बरसाती पानी की निकासी के लिए स्थायी तौर पर प्रबंध न होने से थोड़ी बारिश में ही जलभराव हो जाता है। जब भी बारिश होती तो पानी बाजारों में सड़कों पर भर जाता है, जिससे उस दिन दुकानदारी भी ठप हो जाती है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। वहीं, लोहारू रोड पर नाला ओवरफ्लो करने से लोग परेशान हैं। यह नाला शुक्रवार को एक किलोमीटर की दूरी में पांच जगह ओवरफ्लो कर गया।
शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, सुबह बौछारें गिरी। दोपहर तक मौसम में ह्यूमीडिटी की मात्रा 84 प्रतिशत तक बढ़ गई, जिससे उमस भरी गर्मी बन गई। दो बजे काली घटाएं छायी और बदरा बरसने लगे। करीब 25 मिनट तक मध्यम दर्जे की बारिश हुई। थोड़ी-सी बारिश होने पर ही सीवर ओवरफ्लो हो जाते हैं। सीवर लाइनें रुकी होने की वजह से पानी शहर के अंतिम छोर पर मेन लाइनों तक नहीं पहुंच पाता, जिससे सीवर बैक मार देते हैं। सीवर लाइनों में प्लास्टिक, कचरा व पशुओं का मल एवं गोबर ज्यादा मात्रा मेें जमा होने से सीवर ब्लॉकेज खुल नहीं पा रही है। यही वजह है कि शहर का पानी रूटीन में एसटीपी तक भी नहीं पहुंच पाता। एसटीपी तक पानी पहुंचता रहे तो शहर में सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं बन पाती। शहर के पार्षद भी समय-समय पर इसके लिए आवाज उठाते आ रहे हैं। पिछले दिनों कृषि मंत्री की कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था। इस पर पार्षदों की निगरानी समिति जरूर बना दी गई, लेकिन समाधान के प्रयास अभी तक शुरू नहीं हो सकेे हैं।
इन भागों में होती है ज्यादा परेशानी
शहर के बस स्टैंड रोड, रोहतक रोड पर एसपी आवास, रेस्ट हाउस गेट के सामने, तिकोना पार्क, परशुराम चौक एरिया, लाजपतराय चौक, दिल्ली रोड, मेन बाजार, गांधी नगर, गीता भवन बैक साइड व जांगड़ा मार्केट आदि एरिया में जलभराव से ज्यादा परेशानी हो रही है।
फोटो- 35
बारिश के दौरान छत्ता लेकर गुजरती महिला।
फोटो 36
लोहारू रोड पर ओवरफ्लो करता नाला।