शहर के लोहारू चौक पर भरा पानी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। लोहारू चौक पर जलभराव की समस्या एक बार फिर पैदा हो गई है। हालात ऐसे बन गए हैं कि यहां करीब दो फीट तक पानी भर गया है जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह चौक शहर का सबसे व्यस्त इलाका माना जाता है जहां से प्रतिदिन करीब 10 हजार वाहनों का आवागमन होता है लेकिन जलभराव के चलते यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
वाहन चालकों को हुई परेशानी
सोमवार को भी सुबह से ही चौक पर पानी भरा रहा जिससे वाहन चालकों को लंबा रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ा। कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए वहीं चारपहिया वाहन चालकों को भी काफी सावधानी के साथ गुजरना पड़ा। जलभराव के कारण कई जगह सड़क की स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाने से दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पानी भरने के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है जिससे उनके कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।
कई जगहों पर जलभराव
केवल लोहारू चौक ही नहीं बल्कि शहर के अन्य कई हिस्सों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कॉलोनियों और बाजार क्षेत्रों में पानी जमा होने से लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और ज्यादा खराब हो रही है। शहर के बस स्टैंड रोड, रोहतक रोड, नई सब्जी मंडी, अनाज मंडी, रविदास नगर, एमसी कॉलोनी आदि क्षेत्रों में भी बारिश का पानी भर गया।
लंबे समय से समस्या
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है बल्कि पिछले लंबे समय से बनी हुई है। कई बार प्रशासन को शिकायत देने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि बरसात आते ही हर साल यही हाल हो जाता है, लेकिन न तो जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाती है और न ही सड़कों की मरम्मत पर ध्यान दिया जाता है। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है।