चरखी दादरी। शहर व आसपास के क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान रुक-रुककर 46 एमएम बारिश दर्ज की गई है। रविवार देर शाम तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। 25 दिन बाद हुई बारिश ने फसलों के लिए संजीवनी का काम किया है। साथ ही किसानों को डीजल व बिजली के रूप में करीब तीन करोड़ रुपये की बचत हुई है। बारिश नहीं होती तो धान, बाजरा, मूंग, ज्वार में सिंचाई पर हजारों लीटर डीजल खर्च होता। बिजली चालित ट्यूबवेल से यूनिट खपत होने पर आर्थिक बजट झेलना पड़ता। जिले का कुल कृषि योग्य रकबा एक लाख 22 हजार 378 हेक्टेयर क्षेत्र है। इसमें बाजरा एक लाख 25 हजार एकड़ में है। धान का रकबा करीब 25 हजार एकड़ है।
बेहतर होगा फसल का पकाव
बाजरा, धान व अन्य फसलों को बारिश की जरूरत बनी हुई थी। इस समय बाजरा को फल यानी सरटी आ चुकी है इसका पकाव शुरू है। अब बारिश होने के बाद पकाव बेहतर हो सकेगा। किसान नरेश फोगाट, सुरेंद्र शर्मा, चंद्र सिंह व चांदराम ने बताया कि बारिश से सभी फसलों को फायदा पहुंचा है। उन्होंने बताया कि बारिश की सख्त जरूरत थी।
मच्छरों की भरमार, फॉगिंग की उठी मांग
बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। शनिवार की तुलना में अधिकतम तापमान एक व न्यूनतम दो डिग्री गिरा है। रविवार को अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि मच्छरों की भरमार होने से लोगों को दिक्कत जरूर हो रही है। शहर के ढाणी रोड निवासी राजेंद्र सिंह महराणा,पूर्व सैनिक धर्मबीर सिंह ने नगर परिषद व स्वास्थ्य विभाग से नगर में फॉगिंग करवाने की मांग की है ताकि मच्छरों से राहत मिल सके।
जलभराव से हो रही दिक्कत
बारिश से नगर के कई भागों में जलभराव होने से आम लोगों व दुकानदारों को परेशानी जरूर हो रही। बारिश से शहर में पुरानी अनाज मंडी में जलभराव होने से दुकानदारों को परेशानी हुई। दिल्ली रोड मेन बाजार, लाजपतराय चौक, तिकाेना पार्क, नगर परिषद कार्यालय परिसर, जांगड़ा मार्केट, एमसी कॉलोनी व लोहारू रोड पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतें आ रही है।
बारिश से सभी फसलों में फायदा पहुंचा है। बारिश की जरूरत थी। किसी फसल में नुकसान नहीं होने वाला है। बाजरा का पकाव अब सही प्रकार से हो सकेगा।
कृष्ण कुमार, एसडीओ, कृषि विभाग
===
27 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से एक चक्रवात बना हुआ है जिससे रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। कई भागों में तेज बारिश होने की भी संभावना है।
डॉ.चंद्रमोहन, मौसम विशेषज्ञ