बाढड़ा। मार्केट कमेटी की टीम ने अवैध रूप से अनाज की खरीद-फरोख्त और भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न गांवों में चार स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने कुल 36,723 रुपये की मार्केट फीस व जुर्माना वसूल किया है।
दादरी मार्केट कमेटी के सचिव विजय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने नांधा, कादमा, दगड़ौली-बाढड़ा रोड और कारीतोखा गांव में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर बिना वैध दस्तावेजों के सरसों का स्टॉक पाया गया जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
नांधा गांव में बनीत के प्लॉट में करीब 150 क्विंटल सरसों का स्टॉक मिला जिस पर 9,375 रुपये मार्केट फीस और 2,813 रुपये जुर्माना लगाया गया। कादमा गांव के गोशाला रोड पर सुनील कुमार के पास लगभग 140 क्विंटल सरसों बिना दस्तावेज के मिली, जिस पर 8,750 रुपये फीस और 2,190 रुपये जुर्माना लगाया गया।
इसी प्रकार दगड़ौली से बाढड़ा रोड पर एक वाहन में करीब 60 क्विंटल सरसों बिना बिल के पाई गई। इस पर 3,750 रुपये मार्केट फीस और 1,250 रुपये जुर्माना लगाया गया। वहीं कारीतोखा गांव में रामचंद्र के प्लॉट में करीब 110 क्विंटल सरसों का अवैध स्टॉक मिलने पर 6,875 रुपये फीस और 1,720 रुपये जुर्माना लगाया गया।
मंडी सुपरवाइजर जयप्रकाश सांगवान ने बताया कि सभी मामलों में मौके पर ही मार्केट फीस व जुर्माना वसूल कर संबंधित लोगों को रसीद जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अवैध खरीद-फरोख्त पर आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।