चरखी दादरी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर केंद्र एवं हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिले में 20 जून तक विशेष जनसंपर्क, जनकल्याण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों, जन संवाद, प्रदर्शनी, किसान सम्मेलनों, जनकल्याण शिविरों तथा स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बुधवार को हरियाणा सरकार में प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता के साथ वीसी उपरांत अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक में जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शेड्यूल के अनुरूप अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
13 जून को होगा पौधरोपण कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि 13 जून को जिले में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए उपयुक्त स्थानों का चयन किया जा रहा है ताकि आगामी कार्यक्रमों जैसे जिला स्तरीय सम्मेलन, प्रदर्शनी, जनसंवाद एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन भी एक ही परिसर में सुगमता से किया जा सके। इससे प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा और आमजन की सहभागिता भी बढ़ेगी।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 20 जून तक चलेंगी स्वच्छता गतिविधियां
20 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों तथा शहरी क्षेत्रों में शहरी स्थानीय निकायों के माध्यम से सफाई गतिविधियों का विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया गया है। नालों, जल निकासी मार्गों, सार्वजनिक स्थलों एवं बाजार क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक गतिविधि का फोटोग्राफिक एवं डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
उपयुक्त ने बताया कि जिला मुख्यालय पर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें विकास कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित किया जाएगा। 15 जून को जिलास्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। इस अवसर पर विकसित भारत निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प भी दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 15 जून से 17 जून तक जिला मुख्यालय सहित सभी उपमंडल मुख्यालयों पर जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे तथा नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं एवं पंजीकरण सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।