चरखी दादरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला।
चरखी दादरी। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रविवार को दादरी में आयोजित जजपा प्रत्याशी राव बहादुर सिंह की जनसभा में कांग्रेस और भाजपा पर जमकर तंज कसे। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा पुत्र मोह में पड़ गए और उन्होंने कई मजबूत प्रत्याशियों की टिकट कटवा दी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि दूसरी ओर कुमारी सैलजा मजबूत निकलीं और वो दिल्ली जाकर टिकट ले आईं।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 400 पार का नारा देने वाले नरेंद्र मोदी भी अब ये नारा भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश में 200 या 225 सीटों तक सिमट जाएगी। प्रदेश की भाजपा सरकार पर चुटकी लेते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जब तक जजपा सत्ता में हिस्सेदार रही, तब तक किसानों को कोई परेशानी नहीं आने दी गई। फसल बेचने से लेकर भुगतान तक समय पर हुआ। उन्होंने कहा कि गठबंधन टूटने के बाद अब स्थिति सबके सामने है। सरसों का 16 दिन बाद तो गेहूं का 10 दिन बाद भी भुगतान नहीं हो रहा।
बेटे दीपेंद्र को रोहतक में फायदा पहुंचाने के लिए हुड्डा कटवा गए टिकट
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि रोहतक लोकसभा क्षेत्र सीट पर बेटे दीपेंद्र हुड्डा को फायदा पहुंचाने के लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा कई टिकट काट गए। इनमें श्रुति चौधरी, ओमप्रकाश यादव समेत कई दिग्गजों के नाम शामिल है। ये सारा षड्यंत्र रोहतक सीट पर बेटे को फायदा पहुंचाने के लिए रचा गया। उन्होंने कहा कि कई जगह तो प्रत्याशी भी बेहद कमजोर उतारे गए।