संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। हीट वेव को देखते हुए आपदा प्रबंधन ने जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को विशेष हिदायत जारी की है। मौसम विभाग ने इस बार मई-जून में तापमान ज्यादा बने रहने का अनुमान जता रखा है। इसे देखते हुए विभाग को सभी वाटर टैंकों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। आगामी सप्ताह विभाग को यह रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपनी है।
आपदा प्रबंधन मुख्यालय की ओर जारी पत्र में जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को क्षेत्र में मौजूद सभी वाटर टैंकों की सूची तैयार करने को कहा है, ताकि आपदा के समय टैंकर के माध्यम से लोगों तक पानी पहुंचाया जा सके। निर्देश में यह भी कहा गया कि सार्वजनिक स्थान जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्क, बाजार, अस्पताल, जनता से जुड़े सरकारी संस्थान व शिक्षण संस्थानों में पेयजल का समुचित प्रबंध किया जाए।
जिले में पानी के आवश्यक स्रोतों की पहचान करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग किया जा सके। जलाशयों में समुचित मात्रा में पानी भरने के भी आपदा प्रबंधन मुख्यालय की ओर से निर्देश दिए गए हैं। पेयजल से संबंधित पंप एवं मोटर आदि भी विभाग को ठीक स्थिति में रखनी होगी।
निर्देशानुसार दुर्लभ स्थानों पर पानी पहुंचाने का उचित प्रबंध होना चाहिए। इसके अलावा लोगों को हीट वेव और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिले में काफी क्षेत्र ऐसा है जहां भूमिगत जलस्तर खारा होने की वजह से पेयजल संकट बना रहता है। इन क्षेत्र में नहरी पानी पहुंचाने के प्रबंध किए गए हैं, ताकि जलघरों के माध्यम से लोगों तक पीने का पानी पहुंचाया जा सके।
कहीं भी नहीं होने दी जाएगी पेयजल किल्लत : जेई
जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता धीरेंद्र सांगवान का कहना है कि विभाग हीट वेव के प्रति सतर्क है। जहां भी पानी की किल्लत हो, लोग विभाग को सूचित करें उसी समय पानी का प्रबंध जाएगा। आम लोगों को भी चाहिए कि वे पानी की एक-एक बूंद बचाएं। घरों में पानी शुद्धिकरण की आरओ मशीन से भी पानी की ज्यादा मात्रा में बर्बादी हो रही है। इस पानी को बर्तन में एकत्रित कर घरेलू कार्य में इस्तेमाल किया जा सकता है।