जिला प्रशासन की ओर से 26 जनवरी को दादरी के बलिदान स्मारक स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन में कोविड को लेकर जारी हिदायतों का ध्यान रखा जाएगा। समारोह में आमंत्रित गणमान्य नागरिकों व ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। यह बात उपायुक्त राजेश जोगपाल ने शुक्रवार को कैंप ऑफिस में समारोह को लेकर बुलाई बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को नौ बजकर 58 मिनट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने से पहले शहीद स्मारक पर जिला के वीरों को सलामी दी जाएगी। जिला सैनिक बोर्ड व नगर परिषद शहीद स्मारक की सफाई और सजावट की व्यवस्था करवाने की जिम्मेदारी दी गई है। नगर परिषद की ओर से स्टेडियम की साफ सफाई, टेंट लगवाना, स्टेडियम रोड पर रंग-बिरंगे झंडे लगवाना आदि कार्य करवाए जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य, आयुष, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, जिला प्रौद्योगिकी, परिवहन, कृषि, जिला अग्रणी बैंक आदि प्रमुख विभागों की ओर से प्रदेश की अत्याधुनिक तस्वीर प्रस्तुत करते हुए सुंदर झांकियां निकाली जाएंगी।
सीमित संख्या में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
उपायुक्त राजेश जोगपाल ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम सीमित संख्या में होंगे। पीटी, डंबल व लेजियम शो नहीं होगा। उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी जेपी सभ्रवाल को स्कूल में ही जाकर कार्यक्रमों का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की टीम को स्कूल से बाहर कहीं नहीं बुलाया जाएगा। उनकी प्रस्तुतियों को उनके स्कूल में ही जाकर प्रशासन की कमेटी देखेगी।
18 से 23 जनवरी तक होगा पूर्वाभ्यास, 24 को होगी फाइल रिहर्सल
उपायुक्त ने कहा कि 18 से 23 जनवरी तक गणतंत्र दिवस का स्कूल में ही पूर्वाभ्यास किया जाएगा और 24 जनवरी को अंतिम रिहर्सल स्टेडियम ग्राउंड पर होगी। उन्होंने उपपुलिस अधीक्षक रामसिंह बिश्नोई को निर्देश दिए कि जवानों की परेड पूरे जोश के साथ होनी चाहिए। जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी अमित लांबा को निर्देश दिए कि इस समारोह का सोशल मीडिया या केबल पर सीधा प्रसारण दिखाया जाए।
ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक में दादरी के एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह, बाढड़ा के एसडीएम शंभू राठी, नगराधीश अमित मान, सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एचपी बंसल, आरटीए सचिव दर्शना भारद्वाज, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक राजेश्वर मुदगिल, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विजय कुमार, कृषि विपणन बोर्ड के जिला प्रबंधक श्यामसुंदर बंसल, आयुष विभाग के डॉ. सुनील जांगड़ा, रेडक्रॉस सचिव बलवान सिंह, जिला बाल कल्याण अधिकारी वजीर दांगी, जिला खेल अधिकारी प्रीतम सिंह आदि मौजूद रहे।