चरखी दादरी। सीएम विंडो, जन-संवाद और एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयावधि में प्राथमिकता से निपटान करना सुनिश्चित करें। इन शिकायतों के समाधान की ऑनलाइन प्लेटफार्म पर एटीआर जरूर अपलोड करें। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने अधिकारियों को यह आदेश दिया है।
उन्होंने कहा है कि सीएम विंडो मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसको मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं समीक्षा करते हैं। जिला के सभी अधिकारी सीएम विंडो, जन संवाद और एसएमजीटी पोर्टल से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लें और इनका समयबद्ध निपटान करना सुनिश्चित करें। हर रोज अपना पोर्टल जरूर चेक करें और निर्धारित समय पर एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड करें।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सीएम विंडो, जनसंवाद और एसएमजीटी पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रतिदिन सीएम विंडो पोर्टल को एक बार अवश्य खोल कर चेक करें और शिकायत की वास्तविक स्थिति से ऑनलाइन प्लेट फार्म प्रणाली से ही पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। शिकायत मिलते ही उसका प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित करें, शिकायत को ओवरड्यू न होने दें।
विभाग शिकायतों की समीक्षा करें
उपायुक्त ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी सीएम विंडो, जनसंवाद पोर्टल से संबंधित शिकायतों को रिव्यू करें। किसी प्रकार से भी औपचारिकता न हो, स्वयं संज्ञान लेकर उस समस्या का समाधान करें और शिकायतकर्ता को भी संतुष्ट करें। जिन विभागों की शिकायत ज्यादा पेंडिंग हैं, इनका जल्द से जल्द समाधान किया जाए। कई शिकायतें ऐसी होती हैं, जिसमें एक से ज्यादा विभागों से संबंधित होती है, इसलिए आपसी तालमेल के साथ उस समस्या का समाधान करें।