चरखी दादरी। आयुष विभाग के आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों, फार्मासिस्ट, योग इंस्ट्रक्टर, योग सहायकों एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने जियो फेंसिंग अटेंडेंस सिस्टम लागू करने के विरोध में शुक्रवार को एक दिवसीय निर्जला उपवास रखा और एसडीएम योगेश सैनी को ज्ञापन सौंपा।
डॉ. प्रमिल कुमार व डॉ. राहुल सांगवान ने बताया कि जियो फेंसिंग अटेंडेंस सिस्टम में त्रुटियां नजर आ रही है। आयुर्वेदिक चिकित्सकों को स्कूल हैल्थ चैकअप कार्यक्रम ,विभिन्न गांवों में आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर, लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए चिकित्सा केंद्र से बाहर जाना पड़ता है। इस स्थिति में जियो फेंसिंग अटेंडेंस सिस्टम उनको चिकित्सा केंद्र की लोकेशन अनुसार अनुपस्थित दिखाएगा जिससे आयुर्वेदिक चिकित्सकों व स्टाफ सदस्यों पर मानसिक तनाव बढ़ेगा और उन्हें आम जनमानस की सेवाएं करने में दिक्कत आएगी।
आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी राहुल ने बताया कि जियो फेंसिंग अटेंडेंस सिस्टम लागू करने से अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्राइवेसी व डाटा लीक होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इस दौरान चिकित्सकों ने ग्रेच्यूटी, सातवां वेतन आयोग, अर्जित अवकाश, ऐच्छिक स्थानांतरण,वेतन विसंगतियां, अलाउंस,चिकित्सीय सुरक्षा जैसी मांगों को पूरा करने की भी मांग की।
इस दौरान डॉ. राकेश वशिष्ठ, सोनम डांगी, प्रमिल कुमार,शिल्पा सांगवान, फार्मासिस्ट रविंद्र कादयान, विकास, ओमबीर आदि मौजूद रहे।