बाढड़ा मंडी में गेट पास कटवाने के लिए लगी लाइन।
बाढड़ा। जुई रोड स्थित अनाज मंडी में गेट पास जारी न करने पर किसानों ने मंडी के सामने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। एसडीएम व मार्केट कमेटी सचिव के हस्तक्षेप के बाद गेट पास जारी करने की प्रक्रिया शुरू हुई। सोमवार शाम तक मार्केट कमेटी ने 72430 गेट पास जारी किए हैं।
मंडी में अब तक एक लाख 40 हजार क्विंटल सरसों की आवक हो चुकी है। इस कारण जगह की कमी बनी हुई है। ट्रैक्टरों की लंबी लाइन लगी रहती है, जो आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रहा हे। मंडी में चार दिन से खरीद नहीं हो रही थी। इसके अलावा उठान भी मात्र तीन हजार क्विंटल ही हो पाया है। सोमवार सुबह मार्केट कमेटी ने आवक ज्यादा होने के कारण गेट पास जारी नहीं करने का फैसला किया। इसकी सूचना मिलते ही आढ़तियों व किसान संगठनों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आढ़ती व किसान सड़क पर रोष प्रकट करने लगे।
आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष हनुमान शर्मा, आढ़ती कृष्ण कुमार, भाकियू अध्यक्ष हरपाल भांडवा, पूर्व सरपंच गिरधारी मोद आदि ने बताया कि खरीद एजेंसी व जिला प्रशासन न तो बारदाने का प्रबंध कर रहा है और न ही उठान में कोई रुचि ले रहा है। मौसम खराब होने से किसानों की सरसों खराब हो रही है वहीं, आढ़तियों को भी नुकसान हो रहा है। सोमवार को अनाज मंडी में चार सीसीटीवी लगा दिए गए हैं।