सरकार ने गांव कासनी, उण और रूदड़ोल में बनने वाले पशु औषधालय के प्रस्ताव रद्द कर दिए हैं। दो साल पहले ये प्रस्ताव तैयार हुए थे। सरकार की अब नई योजना गांव बडराई में पशु डिस्पेंशरी और सांकरोड़ में पशु चिकित्सालय बनवाने की है। इसके लिए गांवों के सरपंचों से जमीन की जमाबंदी व प्रस्ताव मांगें गए हैं, ताकि जल्द ही सीएम घोषणा के तहत बजट मिल सके। पशु औषधालय पर 32 लाख 58 हजार रुपये और पशु चिकित्सालय पर 35.83 लाख रुपये खर्च होने हैं।
जिले में पशु चिकित्सालयों की लंबे समय से बदतर स्थिति बनी हुई है। खासकर भवनों की स्थिति खराब होने की वजह से ज्यादा परेशानी आ रही है। कंडम घोषित हो चुके पशु अस्पतालों के निर्माण की फाइल भी दो साल से एक से दूसरे विभाग में घूम रही है। 2018 में इनके भवन निर्माण का कार्य पुलिस हाउसिंग कॉपोरेशन को सौंपा गया था, अब यह काम पंचायती राज विभाग को सौंप दिया है।
जिले में पशुओं की संख्या करीब 1.98 लाख है। यह संख्या हर साल बढ़ती जा रही है, ऐसे में इन पशुओं को स्वास्थ्य के लिहाज उपचार के लिए सुविधाओं में विस्तार करने भी जरूरत बनी हुई है। शहर में बना पशु अस्पताल भी कई दशक पुराना है। इसलिए अब अस्पताल के भवन और सभी प्रकार के रोगों की जांच के लिए लैब व विशेषज्ञ की जरूरत बनी है।
कंडम भवन जीर्णोद्धार के इंतजार में
विभाग ने अस्पताल के जर्जर भवन चिह्नित भी कर रखे हैं, लेकिन इसकी फाइलें दो साल से कार्यालय में धूल फांक रही हैं। कंडम घोषित हुए भवनों में गांव मिसरी, भांडवा, बाढड़ा व श्यामकलां गांव का पशु अस्पताल शामिल है। इन भवनों का नए सिरे से निर्माण होना है। इसके लिए पशुपालन विभाग ने पीडब्ल्यूडी विभाग से कंडमेशन रिपोर्ट ली थी। यह रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भी भेजी जा चुकी है।
2018 में तैयार करवाए प्रपोजल में ये किया फेरबदल
सरकार ने 2018 में दो नए पशु औषधालय व तीन नए चिकित्सालय बनाए जाने के प्रपोजल प्रस्ताव तैयार करवाए थे। इसके तहत गांव कासनी, गांव ऊण और गांव रूदड़ोल में पशु औषधालय बनना था, जो अब सरकार ने रिजेक्ट कर दिया है। इसी प्रकार गांव बडराई मेें पशु चिकित्सालय बनना था, यहां केवल डिस्पेंशरी बनेगी। गांव साकरोड़ में पशु चिकित्सालय के प्रस्ताव को सरकार ने मंजूरी दे दी है। नया पशु चिकित्सालय आठ कनाल व पशु औषधालय छह कनाल जमीन पर बनेगा।
कंडम अस्पताल भवनों के निर्माण का जिम्मा अब पंचायती राज विभाग को सौंपा गया है। पहले यह काम पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन ने करना था। गांव बडराई में नई डिस्पेंशरी और सांकरोड में नया पशु अस्पताल बनेगा।
डॉ. जसवंत जून, डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन विभाग