Employees will be posted at the garbage collection center, accountability will be fixed in case of waste fire
- फोटो : CharkhiDadri
कूड़ा संग्रह केंद्र पर पड़े कचरे को आग लगाने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। कचरा जलने से एकतरफ प्रदूषण का स्तर बढ़ता है, तो दूसरी ओर कूड़ा संग्रह केंद्र के समीप रहने वाले लोगों को भी दिक्कतें होती हैं। डंपिंग प्वाइंट पर आग की घटनाओं को रोकने के लिए नप अधिकारियों ने अब कर्मचारी तैनात करने की योजना तैयार की है। ईओ मनोज यादव ने इस संबंध में सेनेटरी शाखा को निर्देश भी दे दिए है। अगले सप्ताह से डंपिंग प्वाइंट पर कर्मचारियों की तैनाती हो जाएगी जो दो शिफ्टों में निगरानी करेंगे। इसके बावजूद अगर आग लगती है तो उक्त कर्मचारियों की ही जवाबदेही तय होगी।
नगर परिषद पिछले करीब चार साल से शहर से निकलने वाले कचरे का निस्तारण रावलधी-भिवानी लिंक रोड स्थित रानिया वाला जोहड़ डंपिंग प्वाइंट पर कर रही है। डंपिंग प्वाइंट पर इस समय करीब 30 हजार टन कचरा पड़ा है। इस कचरे के निस्तारण की योजना भी नप ने तैयार कर ली है। करीब 2.5 करोड़ रुपये से कचरे का निस्तारण करवाया जाएगा और संबंधित एजेंसी को यह काम चार माह के अंदर पूरा करना होगा।
एक साल में हुई दस घटनाएं
डंपिंग प्वाइंट पर पड़े कचरे को आग लगाने की गत एक साल में दस से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। गत 28 नवंबर को डंपिंग प्वाइंट पर आग लगने से काफी कचरा जल गया था। शहर से प्रतिदिन 20 टन कचरा निकलता है, लेकिन डंपिंग प्वाइंट से आगे कचरे के निस्तारण के प्रबंध नहीं है। डंपिंग प्वाइंट पर ज्यादा कचरा पड़ा है और इसके कारण कई बार तो ऑटो टीपर भी अंदर कचरा डालने नहीं जा पाते। सूत्रों के अनुसार कई बार तो कर्मचारी भी कचरे को आग लगाते पकड़े जा चुके हैं और उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया जाता है। नप अधिकारियों के अनुसार अब ऐसा नहीं होगा। अगर कोई कर्मचारी आग लगाता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी और डंपिंग प्वाइंट की निगरानी में तैनात कर्मचारी की भी जवाबदेही तय होगी।
जल्द करवा देंगे डंपिंग प्वाइंट के कचरे का निस्तारण: ईओ
नप ईओ मनोज यादव ने बताया कि डंपिंग प्वाइंट पर पड़े कचरे के निस्तारण की योजना तैयार कर ली गई है। जल्द ही एजेंसी की मार्फत कचरे का निस्तारण करवा दिया जाएगा। आग की घटनाओं को देखते हुए डंपिंग प्वाइंट की निगरानी रखने के लिए कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इस संबंध में मैंने निर्देश दे दिए है।