चरखी दादरी। अपराध शाखा दादरी की टीम ने वर्ष 2017 के मारपीट और चोट पहुंचाने के मामले में अदालत से उद्घोषित अपराधी भूपेंद्र उर्फ सेठ को गिरफ्तार किया है। आरोपी समसपुर गांव का निवासी है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, घटना 8 जून 2017 की रात की है। समसपुर निवासी सूरजभान अपनी कार से गांव में एक शादी समारोह में गए थे। कलाली-बलाली अड्डे के पास आरोपियों ने रंजिश के चलते उनकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया। सूरजभान के बेटे संदीप और उनके साथी मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था।
इस हमले में संदीप का हाथ टूट गया था, जबकि सूरजभान के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई थीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में चालान पेश किया। सुनवाई के दौरान भूपेंद्र उर्फ सेठ समंस और वारंट जारी होने के बावजूद अदालत में पेश नहीं हुआ।
जेएमआईसी दादरी की अदालत ने 20 जुलाई 2026 को उसे उद्घोषित व्यक्ति घोषित कर दिया था। रविवार को अपराध शाखा में तैनात एएसआई राजकपूर और उनकी टीम ने आरोपी भूपेंद्र उर्फ सेठ को गिरफ्तार कर लिया।