फोटो:35 कबीर नगर में इंटरलॉक उखड़ने के बाद गली के लेवल में पहुंची नाली। संवाद
फोटो : 36, वार्ड 12 में टूटा नाली पर लगा लोहे का जाल। संवाद
फोटो: 37 कबीर नगर की गली में बना गड्ढा। संवाद
फोटो: 38 संजय
फोटो: 39 सतवीर
फोटा: 40 विनोद
फोटो: 41 लाल सिंह
- गली व नाली निर्माण न होने से परेशानी झेल रहे नागरिक, बार-बार मांग के बावजूद जस की तस बनी है समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के वार्ड-12 स्थित कबीर नगर के प्राइमरी स्कूल के पास 15 साल पहले बनी गली और 25 वर्ष पूर्व बनीं नालियां जर्जर हो गई हैं। लंबे अरसे के बाद भी गली और नालियों का जीर्णोद्धार नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर स्थित कबीर नगर मोहल्ले के राजकीय प्राइमरी स्कूल के पास गली के हालत जर्जर है। नालियां टूटने से दूषित पानी घरों के सामने फैल जाता है। इससे राहगीरों और स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को दूषित पानी से गुजरना पड़ रहा है।
वार्डवासियों का कहना है कि गली व नालियों के निर्माण के लिए उन्होंने कई बार वार्ड पार्षद और नगर परिषद के अधिकारियों से बातचीत की, लेकिन, लंबा समय गुजर जाने के बाद भी समाधान नही हो पाया।
स्थानीय निवासी सुरेश कुमार, संजय कुमार, लाल सिंह, प्रदीप आदि ने बताया कि सबसे गंभीर समस्या बारिश के दिनों में होती है, जब गली में जलभराव होने के कारण बुजुर्ग और बच्चे यहां गिरकर घायल हो जाते है। उन्होंने लगातार बढ़ती समस्या का समाधान करवाने के लिए स्थायी समाधान करवाने की मांग की है।
ये हैं नागरिकों की समस्याएं
गली की इंटरलॉकिंग उखड़ने के कारण यहां गहरे गड्ढे बने हुए हैं। यहां से गुजरने वाले बुजुर्ग अक्सर गिरकर घायल होते रहते हैं। वहीं, बारिश के दिनों में जलभराव होने के बाद यहां से निकला दूभर हो जाता है।
-संजय कुमार, वार्डवासी
वार्ड में नालियों के ऊपर लगे लोहे के जाल टूटे हुए हैं। यहां से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने के कारण कई वाहन चालक घायल हो चुके हैं।
-लालसिंह, स्थानीय निवासी
नालियों के टूटने से गलियों में दूषित जलभराव की स्थिति बनी रहती है। स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को इसी पानी से गुजरना पड़ता है। गली में नालियों का दूषित जलभराव होने के कारण स्कूल में दुर्गंध फैली रहती है। इससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
-सतवीर सिंह, वार्डवासी
डेढ़ दशक पहले बनी गली से इंटरलॉकिंग गायब होने के कारण यहां केवल मिट्टी दिखाई देती है। इस कारण यहां लंबे समय तक जलभराव की स्थिति बनी रहती है। मानसून के दौरान और भी विकट परेशानी होती है, जब लोगों को घर से बाहर निकलना दूभर बन जाता है।
-विनोद कुमार, वार्डवासी
वर्सन:
शहर में समानता के साथ विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। अगर कबीर नगर में गली और नालियों की समस्या बनी है, तो जल्दी ही इनका एस्टीमेट बनवाकर पुनर्निर्माण करवाया जाएगा।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद