चंपापुरी में आयोजित बैठक में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के अधिकारी और व्यापारी।
चरखी दादरी। जिला में पदमा योजना लांच करने की तैयारी है। औद्योगिक प्रगति के लिए प्रयास किए जाएं तो यहां अनेक घरेलू व कुटीर उद्योगों की स्थापना हो सकती है। उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से भी विकासशील योजनाएं चलाई जा रही हैं। चंपापुरी स्थित गिंदोड़ी देवी सेवा सदन में स्थानीय उद्योगपति व व्यापारियों की शनिवार को आयोजित बैठक में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के अधिकारी राहुल मिश्रा और युद्धवीर सिंह ने ये बात कही।
उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उन्नयन योजना के तहत उद्योगपति को 35 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। बाजार और उद्योग में समन्वय बनाने के लिए एमएसएमई विभाग उद्योग स्वामियों की पूरी सहायता कर रहा है। रैंप नाम से भी विभाग का एक कार्यक्रम चल रहा है जिसमें उद्योग चलाने से संबंधित चुनौतियों का समाधान करवाया जाता है। किसी छोटे कारखाने में सोलर प्लांट लगवाना, थोक एवं खुदरा व्यापार, कुटीर उद्योग के लिए प्रोजेक्ट तैयार करवाने आदि कार्य इस योजना के तहत करवाए जाते हैं।
युद्धवीर सिंह ने बताया कि दादरी जिला में पदमा स्कीम लांच किए जाने का विचार किया जा रहा है। जिसमें किसी एक उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए 25 एकड़ भूमि का एक औद्योगिक प्रखंड बना दिया जाता है और सरकार की ओर से उद्योग लगाने के लिए बैंक लोन, मशीनरी की सहायता की जाती है। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि संजीव कुमार तथा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से तिलक जैन ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर हरीराम खुडानिया, राकेश अरोड़ा, सुनील, वेदप्रकाश, अजय गुप्ता, अशोक स्वामी, विष्णु बिरहीवाला इत्यादि मौजूद रहे।