- बाजारों में नहीं बनेगी जाम की स्थिति, वाहनों का दबाव होगा कम
- बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले वाहन चालकों को पार्किंग में छोड़कर आने होंगे वाहन
- शहर की सफाई के लिए डीएमएफ फंड से खरीदी जाएगी स्वीपिंग मशीन
चरखी दादरी। दिवाली पर्व में अब कुछ ही दिन शेष हैं। बाजार सजने लगे हैं। परशुराम चौक से लेकर बस स्टैंड तक अभी से स्टॉल लगनी भी शुरू हो गई हैं। ऐसे में बढ़ती भीड़ के कारण शहर में जाम की समस्या उत्पन्न होनी शुरू हो गई है।
जाम की समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने यातायात प्रबंधन के लिए पहले से ही योजना तैयार कर ली है। नगर परिषद की ओर से शहर में 5 प्रमुख स्थानों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है ताकि बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन बाहर ही पार्क कर सकें। इस कदम से बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होगा और आमजन को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार, दिवाली से पहले ही व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय कर दी जाएगी। संबंधित क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती भी की जाएगी ताकि लोग अपने वाहन लेकर बाजारों में न आ सकें।
शहर को मिलेगी रोड स्वीपिंग मशीन
चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने बताया कि शहर को जल्द ही स्थायी रूप से रोड स्वीपिंग मशीन भी मिलने वाली है। इस मशीन से शहर के मुख्य सड़कों और बाजारों की सफाई होगी। यह रात में कार्य करेगी। इस मशीन की खरीद डीएमएफ फंड (जिला खनिज फाउंडेशन) से की जाएगी। इसकी प्रक्रिया भी जारी है।
दिवाली पर पार्किंग, सफाई और अन्य क्या व्यवस्था रहेगी इस बारे में अमर उजाला संवाददाता के नगर परिषद के चेयरमैन बक्शीराम सैनी से 5 सवाल :-
सवाल : दिवाली को अब एक हफ्ता भी शेष नहीं है, बाजारों में भीड़ बढ़ेगी तो जाम की समस्या उत्पन्न होगी। नगर परिषद ने इसके लिए क्या व्यवस्था की है।
जवाब : जाम की व्यवस्था से निपटने के लिए बाजारों में मुख्य-मुख्य जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। लोग जिस तरफ से आएंगे, उन्हें अपना वाहन वहीं पार्किंग में लगाकर आना होगा। इसके लिए पहले ही बैरिकेडिंग करवा दी जाएगी ताकि वे अपने वाहन लेकर बाजार में न आ सकें।
सवाल : पार्किंग के लिए कौन-कौन सी जगह निर्धारित की गई हैं।
जवाब : झाड़ू सिंह चौक पर स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल। लघु सचिवालय का बैक साइड, इसका पीछे का गेट खुलवा दिया जाएगा। नागरिक अस्पताल की तरफ से आने वालों के लिए नगर परिषद का बैक साइड। दिल्ली रोड पर ढाणी फाटक की तरफ पुल के नीचे। रोहतक रोड पर रेस्ट हाउस और मुख्य रोड के दोनों तरफ।
सवाल : सफाई की क्या व्यवस्था रहेगी।
जवाब : बाजारों में रात के समय सफाई व्यवस्था बनाई जाएगी। दुकानदारों और आमजन से अपील है कि वे कूड़ा-कचरा डोर-टू-डोर कचरा उठान वाली गाड़ी में डालें ताकि शहर में सफाई व्यवस्था बनी रहे।
सवाल : इसके अलावा और क्या रहेगा।
जवाब : बाजारों में धूल न उड़े, इसके लिए पानी की छिड़काव की व्यवस्था रहेगी।
सवाल : यह व्यवस्था कब से लागू हो जाएगी।
जवाब : दिवाली पर्व से 3 दिन पहले ही ये सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से लागू कर दी जाएंगी ताकि बाजारों में वाहनों के जमावड़े को रोका जा सके और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
फोटो 6 - रोहतक चौक से लेकर बस स्टैंड तक दुकानों के आगे लगीं स्टॉल। संवाद
फोटो 7 - बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद।