चरखी दादरी। करवाचौथ का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, शहर के बाजारों में रौनक और चहल-पहल भी उतनी ही बढ़ रही है। कपड़ों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ बढ़ रही है।
महिलाओं में करवाचौथ का खासा उत्साह देखा जा रहा है। वे इस दिन के लिए पारंपरिक और आकर्षक परिधान खरीदने में जुटी हैं। बाजार में लाल, मैरून और गुलाबी रंग के कपड़ों की मांग सबसे अधिक है। ये सुहाग के प्रतीक माने जाते हैं। दुकानदार महेंद्र, कृष्ण, एजाज आदि के अनुसार, इन रंगों के डिजाइनर सूट और भारी बॉर्डर वाली साड़ियां पहले ही स्टॉक से बाहर होने लगी हैं।
पारंपरिक पहनावे की तरफ है ध्यान : शहर के कपड़ा बाजारों में सुबह से ही ग्राहक उमड़ रहे हैं। कुछ महिलाएं पारंपरिक लुक के लिए साड़ी या लहंगा चुनती हैं, तो कुछ स्टाइलिश सूट की ओर आकर्षित हैं। कपड़ों के फैब्रिक में भी विविधता है, जैसे कॉटन, सिल्क, जॉर्जेट, शिफॉन व नेट फैब्रिक खूब बिक रहे हैं।