चरखी दादरी। वैश्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सामान्य ज्ञान विभाग की ओर से शुक्रवार को अंतरसदनीय सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रसाद सदन प्रथम स्थान पर रहा।।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैश्य एजुकेशन सोसाइटी के प्रधान बलराम गुप्ता, महासचिव प्रो. डॉ. योगेश मित्तल, विद्यालय के मैनेजर विकास गुप्ता एवं प्राचार्य विमल सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया।
सामाजिक अध्ययन विभागाध्यक्ष विकास गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में मंच साज-सज्जा, संवाद एवं अनुशासन की जिम्मेदारी सतीश भारद्वाज और बृजमोहन कौशिक की देखरेख में संपन्न हुई। मंच-संचालन का कार्यभार योगेश भारद्वाज ने बहुत ही कुशलता से निभाया।
प्रतियोगिता शुरू होने से पूर्व प्रधान बलराम गुप्ता, महासचिव प्रो. डॉ. योगेश मित्तल एवं मैनेजर विकास गुप्ता ने प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर संवाद किया। इस दौरान अतिथियों ने सभी प्रतियोगी टीमों का हौसला बढ़ाया तथा उनकी तैयारियों पर चर्चा की। विकास गुप्ता ने छात्रों से पहला प्रश्न पूछकर प्रतियोगिता का श्रीगणेश किया। इस प्रतियोगिता में पांच सदनों प्रेमचंद, दिनकर, निराला, प्रसाद और विशेष कक्षाएं ने भाग लिया। प्रसाद सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी।