चरखी दादरी। हर घर तिरंगा अभियान के दौरान कोई भी नागरिक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर सकता है। इसके बाद पोर्टल पर संबंधित के नाम से प्रमाण पत्र जारी हो जाएगा। इसके लिए हरघरतिरंगाडॉट कॉम पर पंजीकरण किया जा सकता है।
शुक्रवार को प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उपायुक्त मनदीप कौर सहित सभी उपायुक्तों के साथ वीसी से बैठक कर हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के एम पांडुरंग भी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस बार राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर सभी जिलों में हर घर तिरंगा अभियान को विशेष तौर पर मनाएं और इसमें लोगों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी हो।
वीसी के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 17 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा गतिविधियां आयोजित करें। इसके साथ ही हरघरतिरंगा पोर्टल पर वीडियो और फोटो अपलोड करें।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान शिक्षण संस्थाओं की दीवारों को तिरंगा से सजाना है। सोशल मीडिया पर तस्वीरों का साझा करना है।
स्कूल व उच्चतर शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग खेल विभाग, पंचायत विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, मार्केटिंग बोर्ड, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, श्रम विभाग, एनसीसी और एनएसएस रेडक्रॉस सहित सभी प्रमुख विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों के तहत आयोजित हर घर तिरंगा कार्यक्रमों की फोटो व वीडियो क्लिप वेबसाइट अपलोड करें।