संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। काकड़ौली सरदारा बिजली सब स्टेशन में लगे 6 एमवीए के ट्रांसफार्मर के ओवरलोड होने पर अघोषित बिजली कट लगाने पड़ रहे हैं। इसके चलते पांच गांवों के ग्रामीण परेशान हैं। सभी ग्राम पंचायतें पावर सब स्टेशन में ज्यादा क्षमता का ट्रांसफार्मर रखने की मांग कर चुकी हैं, लेकिन, अब तक सिरे नहीं चढ़ पाई है। इतना ही नहीं, यह मामला विधायक, सांसद और सीएम के संज्ञान में भी लाया जा चुका है, लेकिन ट्रांसफार्मर अब तक नहीं पहुंच सका है।
पिछले एक साल में दो बार छह एमवीए का ट्रासंफार्मर जल चुका है। जैसे-तैसे इसे ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद से ही इस सब स्टेशन से जुड़े पांच गांवों के कृषि व घरेलू क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ता बिजली के अघोषित कटों की समस्या से जूझ रहे हैं।
पिछले छह माह से क्षेत्र के सभी सरपंचों व मौजिज ग्रामीणों ने सीएम नायब सिंह सैनी, सांसद धर्मबीर सिंह, बिजली मंत्री अनिल विज व विधायक उमेद पातुवास को पत्र लिख चुके हैं। मांग की है कि बिजली सब स्टेशन को अपग्रेड कर कम से कम दस एमवीए क्षमता का बड़ा ट्रासंफार्मर लगाया जाए, लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई।