चरखी दादरी। डाकघर विभाग ने सुकन्या व पीपीएफ खाते खोलने के लिए विशेष योजना तैयार की है। इसके तहत डाकघर के कर्मचारी अब घर-घर जाकर सुकन्या व पीपीएफ के तहत खाते खोलेंगे। इसके लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी भी निर्धारित की गई है।
भिवानी डाक अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 वर्ष की बेटियों के खाते खोले जाते हैं। इसके अलावा आमजन के लिए पीपीएफ खाते खोले जाते है। इसमें प्रति माह के अनुसार कुछ राशि जमा करवाई जाती है, ताकि भविष्य में वह राशि एकमुश्त खाताधारक को मुहैया करवाई जा सके।
अधीक्षक ने बताया कि भिवानी मंडल के तहत आने वाले भिवानी व दादरी जिला में करीब डेढ़ लाख कन्याएं है। अभी तक सिर्फ 60 हजार खाते ही सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खुले हैं। उन्होंने बताया कि खाता खोलने के लिए 31 जुलाई तक अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए टोल फ्री नंबर-8607889088 भी जारी किया गया है। संजय कुमार ने बताया कि गांव के शाखा डाकपाल घर-घर जाकर सुकन्या स्कीम के तहत खाते खोलेंगे। इसके अलावा गांव-गांव में जागरूकता कैंप भी लगाए जाएंगे।