बैठक में मौजूद पीडब्ल्यूडी सर्व कर्मचारी संघ के पदाधिकारी व सदस्य।
चरखी दादरी। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्करज यूनियन के जिला प्रधान सतबीर सरोहा की अध्यक्षता में वीरवार को बैठक हुई। मुख्य वक्ता एसकेएस राज्य प्रधान धर्मबीर सिंह फौगाट ने कहा कि 16 से 26 जुलाई तक पूरे प्रदेश का कर्मचारी सरकार की जनता विरोधी नीतियों के खिलाफ जिला उपायुक्तों के माध्यम से मुख्यमंत्री को 16 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर आंदोलन करेगा।
एसकेएस जिला प्रधान कृष्ण उण व पीडब्ल्यूडी यूनियन राज्य कमेटी नेता अफलातून जाखड़ ने बताया कि 18 अगस्त को सिंचाई मंत्री डाॅ. अभय यादव के निवास स्थान नांगल चौधरी, 25 अगस्त को जनस्वास्थ्य मंत्री डाॅ. बनवारी लाल के निवास स्थान बावल और 1 सितंबर को विकास एवं पंचायत मंत्री महीपाल ढांडा के निवास स्थान पानीपत में धरना प्रदर्शन कर घेराव किया जाएगा। तीनों विभागों के कर्मचारी पिछले नौ दस साल से सरकार से समान काम समान वेतन, कैनाल गार्ड को क्लास-तीन का दर्जा देने, एक्सग्रेसिया नीति पूर्ण रूप से बहाल करने, पुरानी पेंशन लागू करने, कौशल निगम को भंग करे, तीनों विभागोंं में पक्की भर्ती करने, पंचायती कर्मियों को ईएसआई, ईपीएफ नंबर प्रदान करने की मांग कर रहे हैं। यदि सरकार ने समय रहते कर्मियों की सुध नहीं ली तो आगामी विधानसभा चुनावों में सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पडेगा। बैठक में राजकुमार घिकाड़ा, दिलबाग, दलबीर डोहकी, जोगेंद्र, बलराज, यशपाल, वीरेंद्र मेहड़ा, जगबीर भागवी, जीत सहरावत आदि मौजूद रहे।