Policeman jumped into the canal to save the deer, pushed it to shore
- फोटो : CharkhiDadri
सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो वायरल हुई है, जिसमें तीन पुलिसकर्मी नहर में डूब रहे हिरण के बच्चे को बचाते नजर आ रहे हैं। करीब दो मिनट 33 सेकंड की वीडियो को देखकर हर कोई इन पुलिस जवानों के प्रयास की सराहना कर रहा है। तीनों पुलिसकर्मियों ने नहर के बाहर खड़े अन्य लोगों की मदद से हिरण के बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया।
दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो चरखी दादरी के तीन पुलिसकर्मियों का है। कांस्टेबल राकेश अहलावत, सचिन और मंदीप मधुबन प्रमोशन कोर्स पर गए हुए हैं। वहां वो नहर के समीप से गुजर रहे थे और इसी दौरान एक हिरण का बच्चा पानी के बहाव के साथ जाता नजर आया। थकान से चूर हिरण के बच्चे ने बाहर निकलने की उम्मीद छोड़ते हुए प्रयास भी बंद कर दिए थे।
इसके देखते हुए कांस्टेबल राकेश अहलावत ने पानी में छलांग लगाई। वीडियो के अनुसार पुलिस वर्दी पहने जवान नहर के ठीक बीच से हिरण के बच्चे को धक्का देकर एक किनारे तक ले गया। कांस्टेबल सचिन और मंदीप ने भी सहयोग किया। बाद में लोगों की मदद से रस्सी बांधकर हिरण को नहर से बाहर निकाला गया।
बेजुबान जानवर को डूबते देखा तो लगाई छलांग : कांस्टेबल राकेश
हिरण के बच्चे को नहर से निकालने में अहम भूमिका निभाने वाले कांस्टेबल राकेश अहलावत ने बताया कि उन्होंने बेजुबान जानवर को डूबते देखा तो रहा नहीं गया और उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। हिरण का बच्चा नहर से निकलने की उम्मीद खो चुका था।