चुनाव ड्यूटी पर जाने से पहले एसपी ने जवानों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, बोलीं : निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव करवाना पुलिस की प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। चुनाव ड्यूटी पर जाने से पहले पुलिस कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अनुशासन में रहकर निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान कराने में अपनी ड्यूटी निभाएं। मतदान के समय मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें और जो भी गड़बड़ी करने की कोशिश करे उससे सख्ती से निपटें।
पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने कहा कि सभी अपनी ड्यूटी के बारे में अच्छे से पता करें। मतदाताओं से विनम्र व्यवहार कर मतदान के लिए एक लाइन बनवाएं ताकि बूथ पर व्यवस्था बनी रहे। ईवीएम लेने से जमा होने तक अपनी ड्यूटी पर रहें और मतदान केंद्र के अंदर बेवजह भीड़ न होने दें। यह भी सुनिश्चित करें कि मतदान के समय लगाए गए टेंट व टेबल मतदान केंद्र से निर्धारित 200 मीटर की दूरी पर लगे हों। 200 मीटर के दायरे में कोई भी टेंट, टेबल या वाहन पार्किंग न हों। ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी पूर्ण वर्दी में रहें।
एसपी ने जवानों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति की उपस्थिति बूथ के अंदर नहीं होनी चाहिए। यह भी सुनिश्चित करें कि जिन नागरिकों की वोटिंग हो चुकी हो वो बूथ के अंदर न रुकें। संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों पर पैनी नजर रखें। पुलिस कर्मियों की ड्यूटी बूथ के बाहर लगाई गई है, इसलिए बूथ पर कानून व्यवस्था बनाए रखें।
- कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे छवि धूमिल हो
जवानों से पूजा वशिष्ठ ने कहा कि कोई भी ऐसा कार्य न करें, जिससे पुलिस की छवि धूमिल हो। चुनाव ड्यूटी के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत प्रभाव से उच्च अधिकारियों को सूचित करें।
फोटो 32
चुनाव ड्यूटी पर जाने वाले जवानों को निर्देश देतीं एसपी पूजा वशिष्ठ। स्रोत : पुलिस विभाग