गांव बिलावल निवासी घायल अशोक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। दादरी जिला पुलिस की टीमों ने सेवा, सुरक्षा और सहयोग के नारे को चरितार्थ करते हुए अलग-अलग सड़क हादसों में घायल हुए दो लोगों को समय रहते नागरिक अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस की इस त्वरित प्रतिक्रिया के चलते दोनों घायलों को समय पर उपचार मिल सका जिससे उनकी जान बचने की उम्मीद जताई जा रही है।
पहली घटना : पेड़ से टकराई बाइक, यातायात पुलिस बनी मददगार
बुधवार दोपहर के समय यातायात पुलिस की पीसीआर-1 हाईवे नेशनल हाईवे 334बी पर गश्त कर रही थी। पीसीआर में एएसआई नागेश कुमार, सोमबीर सिंह व सुरेंद्र सिंह मौजूद थे। दोपहर 12:50 बजे जब टीम गांव बिरही-बरसाना के समीप पहुंची तो टीम को सड़क किनारे हादसे में घायल व्यक्ति दिखाई दिया। टीम ने बगैर देरी करते हुए घायल के सिर पर कपड़ा लपेट बहते खून को रोकने की कोशिश की और उसे पीसीआर में सवार कर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की इस सक्रियता ने घायल को गोल्डन ऑवर में चिकित्सा सहायता दिलाने में अहम भूमिका निभाई। घायल की पहचान गांव बिलावल निवासी अशोक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे पेड़ से बाइक टकराने के कारण यह हादसा हुआ था।
दूसरी घटना : ट्रक ने साईकिल सवार को मारी टक्कर, सदर थाना टीम ने पहुंचाया अस्पताल
दूसरी घटना बुधवार दोपहर करीब तीन बजे नेशनल हाईवे 152डी के एग्जिट प्वाइंट के समीप हुई। यहां एक ट्रक ने साईकिल सवार गांव झिंझर निवासी राजेंद्र को टक्कर मार दी। उसी दौरान दादरी सदर थाना प्रभारी एसआई सतबीर सिंह के नेतृत्व में टीम वहां से गुजर रही थी। टीम ने तुरंत घायल को संभाला और एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय घायल को पीसीआर में ही नागरिक अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को भी काबू कर लिया।
घायलों के परिजनों को दी सूचना
पुलिस टीमों ने दोनों ही मामलों में घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ उनके परिजनों को भी सूचना दी जिसके चलते दोनों के परिजन भी समय पर अस्पताल पहुंच गए और घायलों को संभाला।
दादरी सदर थाना प्रभारी एसआई सतबीर सिंह का कहना है कि सड़क पर किसी भी घायल की मदद करना हर नागरिक का कर्तव्य है और पुलिस हमेशा जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।