चरखी दादरी। वर्ष 2024 के पहले पांच माह में अपराधियों पर पुलिस का डंडा चला है। इस समय अवधि में पुलिस ने 623 मामले दर्ज किए हैं जबकि 603 आरोपियों को काबू कर सलाखों के पीछे भेजा है। 46 अपराधी जघन्य अपराध करने पर काबू किए गए और उनके कब्जे से 5 पिस्टल, 21 कारतूस व दो मैगजीन बरामद की गई। पिछले 5 माह के अंदर पुलिस ने सटीक मुखबरी से नशा तस्करों की भी कमर तोड़ी। पुलिस ने पिछले 5 माह में 22 उद्घोषित और 8 जमानत तर्क अपराधियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और इसके बाद उन्हें जेल भेजा।
जानिये...किन मामलों में क्या हुई कार्रवाई व बरामदगी
1- सशस्त्र अधिनियम: जिला पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों पर नियमित अंतराल पर कार्रवाई की है। पुलिस टीमों ने सशस्त्र अधिनियम के तहत 23 अभियोग दर्ज करके 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 20 पिस्टल, 2 रिवाॅल्वर, 2 गन, 132 कारतूस व 4 मैगजीन बरामद की गई।
2- मादक पदार्थ : मादक पदार्थ बरामदगी में जिला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए 14 मामले दर्ज कर 24 तस्करों को दबोचा गया। उनसे 265 ग्राम चरस, 2.320 किलोग्राम गांजा, 65.4 ग्राम हेरोइन, 1.511 किलोग्राम अफीम, 792 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ।
3- आबकारी अधिनियम: आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस ने शराब की अवैध तस्करी और बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की। इसके तहत 47 मामले दर्ज कर 54 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनसे 1045 बियर समेत 72 बोतल अंग्रेजी व 3452 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
4- जुआ/सट्टा अधिनियम: जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस ने विभिन्न थानों में कुल 30 मामले 31 मई तक तक दर्ज किए। इन मामलों में पुलिस ने 49 जुआरियों और सट्टा खाईवालों को काबू किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस टीमों ने कुल 1,34,855 रुपये बरामद किए गए।
5. उद्घोषित अपराधी व जमानत तर्क अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई:-
इसके अतिरिक्त उद्घोषित अपराधी व जमानत तर्क अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए जिला पुलिस के द्वारा जिनके खिलाफ नियमानुसार धारा 174-ए, के तहत कार्यवाही करते हुए केस दर्ज किए गये। इनमें से काफी आरोपी लंबे समय से अदालत से गैर हाजिर चल रहे थे ।
जनता से अपील है कि यदि इलाके में कोई गैरकानूनी गतिविधि हो रही है तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई करेगी और सूचनाकर्ता का नाम भी गुप्त रखा जाएगा। अपराधों पर अंकुश लगाने में पुलिस का सहयोग अवश्य करें।
-पूजा वशिष्ठ, एसपी, चरखी दादरी