चरखी दादरी। मादक पदार्थों की बरामदगी और तस्करों को काबू करने के लिए जिला पुलिस ने मंगलवार को लगातार चौथे दिन भी सर्च अभियान चलाया। इस दौरान शहर की वाल्मीकि बस्ती समेत तीन गांवों में पुलिस टीमें पहुंचीं। डॉग स्क्वॉड के साथ तस्करों के ठिकानों और घरों की जांच की गई।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए जिला पुलिस पिछले चार दिनों से ऑपरेशन क्लीन चला रही है। इसके तहत प्रतिदिन नशा तस्करों के घरों और ठिकानों पर पुलिस टीमें दबिश देकर सघनता से जांच अभियान चला रही है। एसपी अर्श वर्मा स्वयं टीमों से कार्रवाई की रिपोर्ट तलब कर रहे हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए स्टाफ ने गांव मौड़ी में संदिग्ध ठिकानों को खंगाला और ग्रामीणों से बातचीत भी की। वहीं, थाना सदर पुलिस टीम ने गांव छपार में नशेड़ियों और तस्करों की तलाश में छापा मारा। झोझूकलां थाना पुलिस टीम ने गांव आदमपुर में जबकि थाना शहर दादरी टीम ने वाल्मीकि बस्ती में सर्च अभियान चलाया।
- जारी रहेगा अभियान, तोड़ेंगे तस्करों की कमर
पुलिस प्रवक्ता हेड कांस्टेबल योगेश कुमार ने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक जिले को नशे से पूरी तरह आजाद न कर दें। नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस इस दिशा में लगन से काम कर रही है। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
- नशा बेचने वालों की पुलिस को दें सूचना : एसपी
एसपी अर्श वर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई पुलिसकर्मी अकेले नहीं लड़ सकते, बल्कि, इसमें जनता का सहयोग जरूरी है। यदि आपके आसपास कोई नशा बेचता है तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखकर कार्रवाई की जाएगी।