चरखी दादरी। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस ने बुधवार को ऑपरेशन क्लीन के तहत व्यापक सर्च अभियान चलाया। एसपी लोगेश कुमार पी के दिशा-निर्देशन में थाना बाढड़ा पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड टीम के साथ गांव हुई से लेकर बाढड़ा कस्बे की झुग्गी-झोपड़ियों तक संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली।
इस दौरान पुलिस ने नशा तस्करी के मामलों में पहले से संलिप्त एक व्यक्ति के घर पर दबिश दी। इसके अलावा सतनाली रोड और दादरी रोड स्थित झुग्गियों में भी सघन जांच की गई। हालांकि किसी भी स्थान से मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
अभियान का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर सोमवीर ने किया। पुलिस टीम ने सबसे पहले गांव हुई निवासी एक ऐसे व्यक्ति के ठिकाने पर दबिश दी जिसके खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में नशा तस्करी और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री से संबंधित तीन से 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डॉग स्क्वॉयड की मदद से पुलिस ने घर के कमरों और अन्य संभावित स्थानों की तलाशी ली। काफी देर तक चली जांच के बावजूद वहां से कोई प्रतिबंधित नशीला पदार्थ या अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
नशे के कारोबार पर रहेगी पुलिस की नजर : एसपी लोगेश कुमार पी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और नशाखोरी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।