चरखी दादरी। ऑपरेशन क्लीन के तहत जिला पुलिस की टीमों ने छठे दिन भी कार्रवाई जारी रखी। शुक्रवार को पांच पुलिस टीमों ने पांच गांवों में दबिश देकर नशा तस्करों के घर व ठिकाने खंगाले। हालांकि पुलिस को कहीं से कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
जिला पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि एसपी अर्श वर्मा के निर्देशानुसार शुक्रवार को पुलिस टीमों ने ऑपरेशन क्लीन के तहत कार्रवाई की। बाढड़ा थाना पुलिस टीम ने गांव जेवली, बौंदकलां थाना पुलिस टीम ने गांव बौंदखुर्द, दादरी सदर थाना टीम ने गांव समसपुर, झोझूकलां थाना पुलिस टीम ने गांव कलियाणा और स्पेशल स्टाफ टीम ने गांव छपार में नशा तस्करों के संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली। पुलिस ने सभी जगहों को बारीकी से खंगाला। इसके अलावा सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों की धरपकड़ का प्रयास भी किया गया।