चरखी दादरी। चिड़िया गांव निवासी महिला के मकान पर फायरिंग करने के मामले में दादरी सीआईए ने चार आरोपियों को कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट (उत्पादन वारंट) पर लिया है। आरोपियों की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के भोजावास निवासी अंकुर उर्फ बौना, नितिन उर्फ छोटू, सोमबीर उर्फ बल्लू और भिवानी के बड़ेसरा निवासी नमन उर्फ भांजा के रूप में हुई है। उन्हें रिमांड पर लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि चिड़िया निवासी शर्मिला ने 5 जून को पुलिस को एक शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 4 जून को उसका पति सोमबीर दुकान पर था जबकि उसका एक लड़का जितेंद्र गांव में गया हुआ था। दूसरा लड़का धर्मा उर्फ धर्मेंद्र झज्जर जेल में बंद है। महिला ने बताया था कि वह खाना खाकर अपने मुख्य गेट के सामने बैठकर फोन देख रही थी।
रात करीब 9 बजे एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक उसके घर के बाहर आए और गाली-गलौज करने लगे। जब वह बाहर निकली तो उन्होंने फायरिंग कर दी। इसके बाद वह डर के मारे अंदर चली गई। जाने से पहले आरोपियों ने फिर से फायर किया। उन्होंने धमकी दी कि तेरे एक बेटे को गांव में और दूसरे को जेल में ही मरवा देंगे। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज किया था।