सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक करते डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज कुमार। स्रोत : विभाग
- कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए डीएसपी हेड क्वार्टर ने सीएलजी सदस्यों के साथ की बैठक, विभिन्न मुद्दों पर किया गया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के निर्देशानुसार पुलिस पब्लिक समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता डीएसपी धीरज कुमार ने की। बैठक का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था कायम रखने की अपील करना और आमजन व पुलिस सहयोग को मजबूत करके अपराध पर अंकुश लगाना रहा।
बैठक के दौरान महिला सुरक्षा, असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने और पुलिस सुरक्षा बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा की गई। उप पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुछ दिन में कांवड़ यात्रा शुरू होने वाली है। इस दौरान शरारती किस्म के युवा मोटरसाइकिल के सायलेंसरों को हटवाकर अथवा मोडिफाई करवाकर तेज आवाज में हॉर्न बजाकर सड़कों पर हुड़दंगबाजी करते हैं। कुछ लोग शराब पीकर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाते हैं और झगड़ा करते हैं। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शहर, कस्बों व गांवों में पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
डीएसपी ने बताया कि इसके अलावा, थाना व चौकी प्रभारियों समेत नाका, पीसीआर व राइडर्स को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए जाएंगे।
शहर, कस्बों व गांवों के कुछ मुख्य स्पॉट को चिह्नित किया गया है। वहां भी पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। यातायात थाना प्रबंधक को संदिग्ध वाहनों की गहनता से चेकिंग करने के निर्देश दिए गए।
- गांवों व वार्डों में लगाए जाएं सीसीटीवी
बैठक में सीएलजी कमेटी सदस्यों से अपराध और अपराधियों पर रोक लगाने के लिए गांवों और वार्डाें में सीसीटीवी लगाने की अपील की गई। डीएसपी ने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि सभी सीसीटीवी चालू हालत में हों और डीवीआर का डाटा ऑनलाइन भी सुरक्षित करें।
बिना पुलिस वेरिफिकेशन के न रखें किरायेदार
उप पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आप अपने मकान में रहने वाले किरायेदारों की पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य करवाएं। साथ ही ग्रामीणों को भी इस बारे जागरूक करें। बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किसी भी व्यक्ति को किराये पर घर न दें।