चरखी दादरी। अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से दादरी पुलिस ने झोझू कलां क्षेत्र में होटल, गेस्ट हाउस और ढाबों पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर आगंतुकों के रिकॉर्ड और पहचान पत्रों की जांच की तथा संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हेड कांस्टेबल अनिल कुमार के नेतृत्व में एसपीओ राजकुमार, एसपीओ अशोक और एसए सतपाल की टीम ने क्षेत्र के होटल, गेस्ट हाउस और ढाबों का दौरा किया। इस दौरान आगंतुक रजिस्टरों का गहन निरीक्षण किया गया और दर्ज विवरण का सत्यापन किया गया। पुलिस ने संचालकों को रिकॉर्ड संधारण व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
बॉक्स: नियम बनाए रखने के निर्देश
पुलिस टीम ने होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध पहचान पत्र (आईडी) और उचित सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए। प्रत्येक ग्राहक का नाम, पता, मोबाइल नंबर और पहचान संबंधी विवरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर जांच एजेंसियों को जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जा सके।
बॉक्स: विशेष हिदायतों का रखे ख्याल
निरीक्षण के दौरान यह भी हिदायत दी गई कि किसी भी नाबालिग को वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए बिना कमरा उपलब्ध न कराया जाए। यदि किसी व्यक्ति की पहचान, उम्र या गतिविधियों को लेकर संदेह हो तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी जाए। पुलिस ने संचालकों से कानून द्वारा निर्धारित सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।
पुलिस को दें सुचना
हेड कांस्टेबल अनिल कुमार ने कहा कि होटल, गेस्ट हाउस और ढाबा संचालकों का सहयोग अपराधों की रोकथाम और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति ठहरने का प्रयास करे या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना बिना देरी पुलिस को दें। समय पर दी गई सूचना किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में सहायक साबित हो सकती है।