चरखी दादरी। पिछले 121 दिनों के अंदर आरोपियों व अपराधियों पर पुलिस का डंडा चला है। इस समय अवधि में पुलिस ने विभिन्न मामलों के 463 आरोपियों को काबू कर अदालत के आदेश पर जेल भेजा। जिले के सात थानों में इस समयावधि के अंदर 490 मामले दर्ज हुए।
पुलिस ने तस्करों से मादक पदार्थ और शराब बरामद की है जबकि अवैध असलहा रखने वालों को भी हथियार के साथ दबोचा है। एसपी पूजा वशिष्ठ का कहना है कि पुलिस की ये कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में मुस्तैद रहकर बारीकी से निगरानी रखने के भी निर्देश दिए हैं। इस साल के चार माह में पुलिस विभाग की ओर से की गई कार्रवाई पर पेश है एक रिपोर्ट....
इतने केस दर्ज और यह हुआ बरामद
1- अवैध असलहा : जिला पुलिस टीमों ने सशस्त्र अधिनियम के तहत थानों में 19 मामला दर्ज हुए हैं। इनमें 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 18 पिस्टल, 2 रिवाॅल्वर, 1 गन, 124 कारतूस व 4 मैगजीन बरामद की गई।
2. मादक पदार्थ : मादक पदार्थ अधिनियम के तहत विभिन्न थानों में 13 मामले दर्ज किए गए हैं। इन केस में 22 नशा तस्करों को काबू किया गया। आरोपियों से 265 ग्राम चरस, 2.320 किलोग्राम गांजा, 59.4 ग्राम हेरोइन, 1.511 किलोग्राम अफीम व 792 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया।
3. आबकारी अधिनियम : आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस टीमों ने चार माह के अंदर 39 मामले दर्ज किए और इनमें 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों से 60 बोतल अंग्रेजी शराब, 2132 बोतल देसी शराब और 985 बोतल बियर बरामद की।
4. जुआ अधिनियम : जुआ अधिनियम के तहत पुलिस टीमों ने शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई की। जुआ अधिनियम के तहत 26 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनसे 1,29,075 रुपये की बरामदगी की गई।
पीओ व बेल जंपर: पिछले चार माह के अंदर पुलिस ने 20 उद्घोषित अपराधियों समेत 5 जमानत तर्क अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ संबंधित थाने में धारा 174-ए के तहत केस दर्ज किया गया।
6- जघन्य अपराध : जिला पुलिस टीमों ने अन्य जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों पर भी कार्रवाई की है। पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने 30 अपराधियों को गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भेजा है। इनसे 1 पिस्टल, 12 कारतूस व 2 मैगजीन बरामद हुई।
आम जनता से अपील है कि यदि उन्हें अपने इलाका में अवैध रूप से जुआ, सट्टा, नशा तस्करी, अवैध असलहा व अन्य किसी अपराध की जानकारी मिलती है तो तुरंत संबंधित थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम में सूचित करें। अपराधों पर अंकुश लगाने में लोगों का सहयोग अहम है। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। - पूजा वशिष्ठ, एसपी, चरखी दादरी।
चरखी दादरी जिले में बरामद की गईं शराब और बियर की पेटियां।