चरखी दादरी। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को जिला पुलिस व अर्धसैनिक बल ने एसपी पूजा वशिष्ठ के निर्देशानुसार विभिन्न गांवों में मार्च निकाला। इस दौरान मतदाताओं से चुनाव में निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई।
पुलिस व अर्धसैनिक बल का मार्च घिकाडा, साहुवास, पैंतावास कलां, अखत्यारपुर, डोहकी, रासीवास, छपार, बरसाना, बिरही कलां, शीशवाला, तिवाला, पांडवान, मानकावास, चरखी, खेड़ी बूरा, भैरवी व घसौला आदि से गुजरा। इसमें शामिल पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र होकर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि एक अक्तूबर को प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने निश्चित हुए हैं। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी है। उन्होंने कहा कि मतदाता पूरी निडरता के साथ अपने विवेक व स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। शहर, गांव सभी में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
कहा कि जिला पुलिस के खुफिया विभाग के लोग संदिग्ध किस्म के लोगों और सोशल मीडिया पर निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। इससे वे निर्भय होकर अपना मतदान कर सकेंगे।
इस दौरान पुलिस ने लोगों को बिना किसी डर के चुनाव प्रकिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मतदान के दौरान उन्हें किसी व्यक्ति के प्रभावित करने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस किस्म के लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अफवाह से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया।